मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:मुजफ्फरपुर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, चार लाख नकद और 20 लाख के जेवर लेकर फरार – Muzaffarpur Bihar News : Theft Incident Happened In Businessman House Who Went To Attend Chhath Pooja
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:मुजफ्फरपुर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, चार लाख नकद और 20 लाख के जेवर लेकर फरार – Muzaffarpur Bihar News : Theft Incident Happened In Businessman House Who Went To Attend Chhath Pooja

November 17, 2026


मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 24 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर से चार लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित व्यवसायी को छठ पूजा के बाद घर लौटने पर हुई। चोरों ने चोरी के बाद घर में दूसरा ताला लगा दिया था, ताकि आसपास के लोगों को घटना की भनक न लगे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित व्यवसायी आत्मानंद सिंह ने बताया कि वह छठ पूजा मनाने के लिए दो दिन पहले अपने ससुराल बेगूसराय गए थे। मंगलवार को जब वह अपने शहर स्थित घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर एक अतिरिक्त ताला लगा हुआ है। ताला देखकर उनकी पत्नी को शक हुआ। हालांकि, शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद किसी रिश्तेदार ने सुरक्षा के लिहाज से दूसरा ताला लगाया होगा।

पढ़ें: प्रदेश में जल्द शुरू होंगी पांच नई चीनी मिलें, सीएम सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ को दिखाई हरी झंडी

काफी देर तक संशय में रहने के बाद जब उन्होंने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। चोरों ने कमरे में रखी आधुनिक लॉक वाली अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे। इसके अलावा, कुछ दिन पहले एचडीएफसी बैंक से निकालकर रखे गए चार लाख रुपये नकद भी गायब थे।

आत्मानंद सिंह के अनुसार, चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और चोरी करने के बाद बाहर दूसरा ताला लगा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

इधर, सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X