शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:सम्राट चौधरी-प्रशांत किशोर की मुलाकात चर्चा में, रोहिणी और लालू भी पहुंचे; जानिए क्या मामला? – Bihar Politics: Samrat Choudhary, Prashant Kishor Share Warm Moments; Rohini Acharya Lalu Yadav
पटना

बिहार:सम्राट चौधरी-प्रशांत किशोर की मुलाकात चर्चा में, रोहिणी और लालू भी पहुंचे; जानिए क्या मामला? – Bihar Politics: Samrat Choudhary, Prashant Kishor Share Warm Moments; Rohini Acharya Lalu Yadav

November 12, 2026


बिहार की राजनीति में एक-दूसरे पर तीखे हमले करने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार एवं विधायक प्रशांत किशोर का एक अलग अंदाज देखने को मिला। पटना में दोनों नेता भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के आवास पर आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में आमने-सामने आए। इस दौरान दोनों ने गर्मजोशी से मुलाकात की, हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की। दोनों की यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

बगल में बैठीं रोहिणी आचार्य, तस्वीर ने खींचा ध्यान

इस मुलाकात की सबसे खास बात यह रही कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के बगल में बैठी नजर आईं। रोहिणी भी लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर पर राजनीतिक हमले करती रही हैं। ऐसे में तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी वाली तस्वीर ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। कार्यक्रम में भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे।

जनसुराज को भाजपा की बी टीम बताता रहा है राजद

दरअसल, प्रशांत किशोर कई मौकों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं, राजद भी लगातार जन सुराज पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाता रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोग प्रशांत किशोर के राजनीतिक रुख में बदलाव की अटकलें भी लगा रहे हैं। हालांकि, एक दिन पहले ही शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रशांत किशोर पर जमकर हमला बोला था। शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें लगता है कि प्रशांत किशोर पूरी तरह कांग्रेस की बी टीम बनकर घूम रहे हैं। उन्हें यह फॉर्मूला कांग्रेस के पप्पू ने दिया है।

सोशल मीडिया पर लोग ले रहे चुटकी

तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स लिख रहे हैं कि ‘हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और होते हैं।’ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मंचों पर सम्राट चौधरी पर लगातार हमलावर रहने वाले प्रशांत किशोर की मुख्यमंत्री के सामने अलग ही तस्वीर दिखाई दी। दोनों जिस तरह मुस्कुराते हुए बातचीत करते नजर आए, उसने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है।

लालू प्रसाद भी पहुंचे श्रद्धांजलि देने

इधर, राजद अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पटना में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दिवंगत आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आरके सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती तथा रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। तीनों ने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद आरके सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। लालू यादव ने इस दौरान परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X