बिहार न्यूज:छठ पर गंगा नदी में जाने और नाव चलाने पर रोक, 13 से 16 नवंबर तक लागू रहेगा प्रतिबंध – Buxar Chhath Puja 2026 Ganga River Entry Boat Operation Ban November 13 To 16
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बक्सर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने गंगा नदी में लोगों के प्रवेश और नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के सभी गंगा घाटों पर लागू रहेगा। इस दौरान आम लोगों के साथ निजी नावों के चलने पर भी रोक रहेगी। हालांकि, प्रशासनिक कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अधिकृत नावों और मोटरबोट को छूट दी गई है।
गंगा घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के लिए फैसला
जिला प्रशासन के अनुसार, छठ महापर्व के अवसर पर बक्सर और चौसा अंचल के अंतर्गत गंगा नदी के अलग-अलग घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में नदी में डूबने और अन्य अप्रिय घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने गंगा नदी में प्रवेश और नावों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग सहित अन्य जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
बिना अनुमति नाव चलाने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अन्य सरकारी कार्यों के लिए चिन्हित और अधिकृत नावों तथा मोटरबोट के परिचालन की अनुमति रहेगी। इनके अलावा किसी भी तरह की निजी या अन्य नाव चलाने पर रोक रहेगी।
जिला प्रशासन या अनुमंडल प्रशासन से पहले अनुमति लिए बिना नाव चलाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
माइकिंग के जरिए लोगों को किया जाएगा जागरूक
प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने नगर परिषद बक्सर, नगर पंचायत चौसा और इटाढ़ी के कार्यपालक पदाधिकारियों को माइकिंग कराने का निर्देश दिया है। इसके जरिए आम लोगों को प्रतिबंध की जानकारी दी जाएगी।
वहीं, गंगा घाटों पर तैनात दंडाधिकारियों को भी लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करने और नदी में प्रवेश पर रोक की जानकारी देने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने तथा 13 से 16 नवंबर तक गंगा नदी में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।
