बिहार:हाजी परवेज सिद्दीकी को बम से उड़ाने की धमकी, पंजाब जाने पर हत्या की चेतावनी – Muzaffarpur Bihar News :threat Bomb To Come Again Panjab National President Of National Alpsankhyak Morcha
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी को बम से उड़ाने और हत्या करने की धमकी मिली है। उन्हें पंजाबी भाषा में लिखे एक पत्र के जरिए धमकी दी गई है। यह पत्र सरकारी डाक से उनके निजी सहायक शकील अंसारी के मुजफ्फरपुर जिले स्थित पते पर भेजा गया है। पत्र मिलने के बाद शकील अंसारी ने जिले के पानापुर करियात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, इस मामले में मोहम्मद फिरोजदीन ने थाना पट्टी और गुलाम सरवर सब्बा ने पंजाब के फगवाड़ा स्थित थाना सिटी में भी शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पंजाबी भाषा में धमकी भरा पत्र भेजने वाले की पहचान नहीं हो सकी है।
पहले भी मिल चुकी है जान से मारने की धमकी
इस मामले में हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें पंजाबी भाषा में लिखे पत्र के माध्यम से धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पंजाब में उन्हें जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। उस मामले में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पंजाब दौरे के दौरान उठाई थीं कई मांगें
बताया गया कि अक्टूबर 2026 में पंजाब दौरे के दौरान हाजी परवेज सिद्दीकी ने अल्पसंख्यकों से जुड़े कई मुद्दे उठाए थे। उन्होंने पंजाब मदरसा एजुकेशन काउंसिल के गठन, अलग अल्पसंख्यक विभाग बनाने और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए पांच करोड़ रुपये के बजट का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की थी।
इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए आवंटित पांच करोड़ रुपये के बजट का सार्वजनिक हिसाब देने और इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई थी।
पीएम मोदी को पत्र लिखकर भी कर चुके हैं मांग
हाजी परवेज सिद्दीकी इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भी कई मांगें उठा चुके हैं। उन्होंने देशभर में गोवध पर प्रतिबंध लगाने, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और धार्मिक स्थलों के लिए समान कानून बनाने की मांग की थी।
फिलहाल धमकी भरा पत्र मिलने के बाद बिहार और पंजाब में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
