भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा नेता कुमार भूषण तांती उर्फ पप्पू की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिजनों ने भाजपा के ही नेता शशि मोदी पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नामजद प्राथमिकी के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देर रात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। वहीं, हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
जानें एसएसपी ने क्या-क्या कहा?
एसएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस घटना में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। एसएसपी ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बिहार एमएलसी चुनाव: राजद उम्मीदवारों की घोषणा पर भड़कीं रोहिणी, तेजस्वी यादव पर आरोप लगाकर क्या मैसेज दिया?
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।