भाजपा अकेले चुनाव लड़े या गठबंधन में, पंजाब के लोग नहीं देंगे वोट :पन्नू – Whether The Bjp Contests The Election Alone Or In An Alliance, The People Of Punjab Will Not Vote For It: Pannu
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे अकेले चुनाव लड़े या गठबंधन में, पंजाब के लोग उसे वोट नहीं देंगे। किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर करीब 750 किसानों की शहादत को लोग आज भी नहीं भूले हैं।
पन्नू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बीबीएमबी, चंडीगढ़ और पंजाब यूनिवर्सिटी जैसे मुद्दों पर पंजाब के अधिकार कमजोर करने का प्रयास किया है। पंजाब के फंड भी जानबूझकर जारी नहीं किए जा रहे। भाजपा की नीतियां पंजाब विरोधी हैं और सूबे के लोग उसे चुनाव में जीतने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व खुद भ्रम में है। एक तरफ 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात करता है तो दूसरी तरफ गठबंधन की बात करने लगता है। भाजपा भी जानती है कि पंजाब में उसका कुछ नहीं होने वाला।
पन्नू ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी अपने विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जा रही है और पंजाब में एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने 88 फीसदी नहरी पानी खेतों तक पहुंचाया है। इसके अलावा 600 यूनिट मुफ्त बिजली और 10 लाख रुपये के कैशलेस बीमा की सुविधा भी दी है। उन्होंने दावा किया कि लोग सरकार के इन कार्यों का स्वागत कर रहे हैं।
