शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक करोड़ की ठगी:बेटे को घर लौटाने का झांसा देकर भाई-बहन ने ऐंठे नकदी और जेवर – Bhopal: Woman Allegedly Cheated Of Nearly Rs 1 Crore Over Rituals And Promise To Reunite Her With Son
भोपाल

भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक करोड़ की ठगी:बेटे को घर लौटाने का झांसा देकर भाई-बहन ने ऐंठे नकदी और जेवर – Bhopal: Woman Allegedly Cheated Of Nearly Rs 1 Crore Over Rituals And Promise To Reunite Her With Son

October 31, 2026


Bhopal: Woman Allegedly Cheated of Nearly Rs 1 Crore Over Rituals and Promise to Reunite Her With Son

अपराध

विस्तार

परिवार से बिछड़े बेटे को वापस घर लाने की उम्मीद एक महिला को इतनी महंगी पड़ी कि उसे करीब एक करोड़ रुपये गंवाने पड़ गए। भोपाल में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर ठगी के एक मामले में भाई-बहन ने महिला को पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर विश्वास में लिया। इसके बाद उससे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए लाखों रुपये, नकदी और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर ले लिए। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब एक ज्वेलर ने बकाया भुगतान के लिए महिला के पति से संपर्क किया। मामले में क्राइम ब्रांच ने आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

बेटे को वापस लाने के नाम पर बुना ठगी का जाल

क्राइम ब्रांच के मुताबिक साकेत नगर निवासी पुरुषोत्तम शर्मा (57) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा (55) की पहचान मोहल्ले की परिचित गौरी सिंह के माध्यम से आशा यादव से हुई थी। आशा ने बताया था कि उसका भाई मुकेश तंत्र-मंत्र और गृहशांति का काम करता है।

उस समय शर्मा दंपती का बेटा परिवार से अलग रह रहा था। बेटे को वापस घर लाने और परिवार में सुख-शांति स्थापित होने की उम्मीद में राजेश्वरी का आशा के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि 25 मई 2025 से आशा ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर उनसे रुपये और कीमती सामान लेना शुरू कर दिया।

फोन-पे से ट्रांसफर किए रुपये

शिकायत के अनुसार राजेश्वरी ने अलग-अलग समय पर फोन-पे के माध्यम से करीब 7.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा लगभग 12.54 लाख रुपये नकद दिए गए। आरोपियों ने उनसे करीब 625 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी ले लिए। इस तरह ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, नकदी और कीमती आभूषणों को मिलाकर कुल ठगी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: इंदौर: आरएसएस की 3 दिवसीय बैठक 2 नवंबर से, प्रांत की जगह संभागीय व्यवस्था पर मंथन, नई जिम्मेदारियां तय होंगी

ज्वेलर के फोन से खुला ठगी का मामला

मामले का खुलासा 29 सितंबर को हुआ जब बिट्टन मार्केट के एक ज्वेलर ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन किया। ज्वेलर ने बताया कि आशा यादव ने करीब 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि शेष भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया था। ज्वेलर के फोन के बाद पुरुषोत्तम ने पत्नी से इस लेनदेन के बारे में पूछताछ की। तब राजेश्वरी ने तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर दिए गए रुपये और जेवरों की पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार को ठगी का पता चला।

आठ चेक, छह एटीएम कार्ड समेत दस्तावेज पुलिस को सौंपे

पीड़ित परिवार ने शिकायत के साथ पुलिस को आठ चेक, छह एटीएम कार्ड और अन्य संबंधित दस्तावेज भी सौंपे हैं। क्राइम ब्रांच ने शिकायत के आधार पर आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब लेनदेन, जेवरों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X