रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जींद

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समय पर पूरा करें :नरेश कुमार – Complete The Electoral Roll Revision Work On Time: Naresh Kumar

November 28, 2026


नरवाना। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें और निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा करना सुनिश्चित करें। यह निर्देश निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार ने एसडीएम जगदीश चंद्र के निर्देशानुसार केएम कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें। इस दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं की पहचान करने के साथ दोहरी प्रविष्टियों को भी नियमानुसार दुरुस्त किया जाए।

नरेश कुमार ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटि मिलने पर आवश्यक संशोधन करवाएं। उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। ऐसे में सभी कर्मचारी निर्धारित समयावधि का विशेष ध्यान रखें। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X