रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मतदाता सूची में कोई पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से न रह जाए वंचित :निर्वाचन आयुक्त – Ensure No Eligible Citizen Is Left Out From Having Their Name Registered In The Electoral Roll: Election Commissioner
चंदौली

मतदाता सूची में कोई पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से न रह जाए वंचित :निर्वाचन आयुक्त – Ensure No Eligible Citizen Is Left Out From Having Their Name Registered In The Electoral Roll: Election Commissioner

November 21, 2026


चंदौली। निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर जिले में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्वाचन संबंधी कार्यों, जिले की सामान्य जानकारी और विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कानून-व्यवस्था की स्थिति से आयोग के आयुक्त को अवगत कराया।

उन्होंने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों और भर्ती रैलियों में शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाया जाए, ताकि पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें। मतदाता जागरूकता अभियान को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक रूप से पहुंचाने पर भी जोर दिया।

जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदान कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। निर्वाचन आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर बैठक कर आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देने को कहा।

बैठक के दौरान नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए गए। स्वीप आइकन रूबी बानो, वृक्ष बंधु परशुराम सिंह और निर्वाचन कार्य में योगदान देने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सीडीओ आर. जगत साईं, एएसपी विक्रम दहिया, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, ईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X