महिलाओं के दम पर 2027 में फिर रिपीट करेगी सुक्खू सरकार :तृप्ता – Backed By Women, The Sukhu Government Will Return To Power In 2027: Tripta
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में घुमारवीं के पडयालग में महिला कांग्रेस की ओर से महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं की भागीदारी और उनके सामर्थ्य के दम पर कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में वापसी करेगी। तृप्ता ठाकुर ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण कांग्रेस की विचारधारा का अभिन्न हिस्सा रहा है। महिलाओं को अवसर और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि समाज और देश के निर्माण में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अपने दृढ़ संकल्प और साहसिक फैसलों से उन्होंने विश्व राजनीति में भारत को नई पहचान दिलाई। बांग्लादेश के निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनका जीवन आज भी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति, प्रशासन और आर्थिक क्षेत्र में समान अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे नेतृत्व की भूमिका निभा सकें।
