काशी में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चार किलोमीटर की दूरी तय करने में सात घंटे से अधिक का समय लग गया। नवसंघ की मां काली की प्रतिमा की विदाई के दौरान शुक्रवार को मदनपुरा से गोदौलिया और मैदागिन तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ढाक की हर थाप के साथ मां की प्रतिमा कदम दर कदम आगे बढ़ती रही। बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाकर मां को नम आंखों से विदाई दी। मां के जयकारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा।
सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर दो बजे प्रतिमा को पंडाल से नीचे उतारकर वाहन पर विराजमान कराया गया। इसके बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम 7:10 बजे मां काली की विसर्जन यात्रा रवाना हुई। मदनपुरा से गोदौलिया तक रास्ते में श्रद्धालुओं की टोलियां जयकारे लगाते हुए यात्रा के साथ चलती रहीं।