मुजफ्फरपुर में यहां खाएं अमृतसरी तंदूरी नान-कुल्चा, डेली 300 प्लेट लोग कर जाते हैं चट, स्वाद ऐसा कि लग जाती है लाइन
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में अगर आप अमृतसर के मशहूर तंदूरी कुल्चा और नान का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आपको कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं है. शहर के जूरन छपरा स्थित जिला परिषद मार्केट में एक ऐसी दुकान है. जहां महज 50 रुपये में आपको स्वाद के साथ भरपेट भोजन मिल जाएगा. सबसे खास बात यह है कि एक प्लेट में छह तरह के आइटम परोसे जाते हैं, जो लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं. यहां स्वाद के दीवानों की लंबी लाइन लग जाती है.
जानें यहां दुकान पर क्या-क्या मिलती है रेसिपी
यहां आप वीडियो में देख सकते हैं कि किस तरह से तंदूरी नान और कुल्चा तैयार किया जाता है. साथ ही खाने की गुणवत्ता के साथ ग्राहकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाता है. यहां आलू, प्याज और पनीर से लेकर कई तरह के नान उपलब्ध हैं. इसके साथ छोले, चटनी, सलाद, रायता और भुनी हुई मिर्च भी परोसी जाती है. यानी कम कीमत में ग्राहकों को स्वाद और भरपेट खाने का पूरा इंतजाम मिलता है.
जानें कब से चल रही है दुकान
यहां के दुकानदार रोशन कुमार बताते हैं कि मुजफ्फरपुर में उनकी दुकान वर्ष 2014 से चल रही है. सबसे पहले मोतीझील में दुकान की शुरुआत की गई थी, जिसके बाद वर्ष 2018 से जूरन छपरा के जिला परिषद मार्केट में दूसरी शाखा संचालित हो रही है. यहां की सबसे खास पहचान अमृतसरी तंदूरी नान और कुल्चा है. दुकानदार के मुताबिक, यहां आलू से भरा हुआ स्टफ नान खास तौर पर तैयार किया जाता है.
300 प्लेट तक लोग कर जाते हैं चट
इसके अंदर छोले, चटनी और सलाद के साथ अलग-अलग स्वाद के विकल्प भी मिलते हैं. महज 50 रुपये की प्लेट में दो पीस नान, छोले, चटनी, सलाद, रायता और भुनी हुई मिर्च दी जाती है. वहीं, 60 रुपये में भी ग्राहकों के लिए अलग विकल्प मौजूद हैं. वहीं, दुकानदार का कहना है कि यहां प्रतिदिन करीब 200 से 300 प्लेट तक की बिक्री हो जाती है. सिर्फ जूरन छपरा ही नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग इलाकों और आसपास के क्षेत्रों से भी लोग यहां खाने पहुंचते हैं.
