मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड पर दिवाली वाली रात करीब साढ़े नौ बजे ढाबे पर पाकबड़ा के बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला (19) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय अब्दुल्ला अपने साथियों के साथ ढाबे पर बैठकर चाय पी रहा था।
इसी दौरान वहां मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी आ गए। इस दौरान अब्दुल्ला ने मोहसिन और सरताज चौधरी से पूर्व में दिए गए अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी उससे झगड़ा करने लगे।
इसी दौरान आरोपियों ने अब्दुल्ला को गोली मार दी गई। घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल अब्दुल्ला को अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि अब्दुल्ला के पिता की तहरीर के आधार पर मोहसिन और सरताज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।