प्रतापगढ़ के कुंडा में कथा मंच से राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि 500 साल पहले भगवान राम का मंदिर तोड़ा गया था तो उस समय भारत में सनातनियों की संख्या 20 से 25 करोड़ थी। लेकिन, मुट्ठी भर लोगों ने मंदिर को गिराकर मस्जिद बना दी। इसका कारण एक ही था कि हम लोग चुपचाप बैठे रहे और देखते रहे।
राम मंदिर निर्माण के लिए 500 से अधिक लड़ाइयां लड़ी गईं। जब 40 प्रतिशत सनातनी एक हुए तब मंदिर बनकर तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि जब शत प्रतिशत सनातनी एक हो जाएंगे तो विश्व में डंका बजेगा। भगवान राम का जयकारा लगाते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि यह जयकारा पाकिस्तान तक जाना चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान के हिंदू भी कथा सुन रहे हैं। इससे एक दिन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी सनातन एकजुटता की बात कह गए।
आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि राजा भैया जैसे व्यक्ति यदि हर जिले में होंगे तो कोई कथा को रोक नहीं पाएगा। उन्हें देश का प्रखर हिंदू नेता बताया। उन्होंने कहा कि यह राजनीति के क्षेत्र में नई क्रांति है।