Kannauj News:जिला अस्पताल में हंगामे की जांच करेगी तीन सदस्यीय टीम – A Three-member Team Will Investigate The Commotion At The District Hospital
कन्नौज। जहर खाने वाले जूनियर अधिवक्ता के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जिला अस्पताल में अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। हंगामे के चलते डेढ़ घंटे तक इमरजेंसी में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही। इस मामले में सीएमएस ने सदर कोतवाली में तहरीर देते हुए मामले से जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी अवगत कराया और सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली के दनियापुर पट्टी गांव निवासी संदीप सिंह (25) ने जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर अधिवक्ता तरुण चंद्रा उन्हें देखने गए थे। बताया गया कि इस दौरान वार्ड ब्वाय जांच कर रहा था, जब उससे फार्मासिस्ट व चिकित्सक के बारे में पूछते हुए मोबाइल से वीडियो बनाया गया तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शावेद खान माैके पर पहुंचे, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद इमरजेंसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. हरिमाधव भी पहुंच गए।
चिकित्सकों ने गालीगलौज व अभद्रता व मोबाइल छीन कर फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में अस्पताल के कई स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे और हड़ताल का एलान कर दिया। हालांकि, डेढ़ घंटे बाद मामला शांत हो गया। सीएमएस डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। साथ ही जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी अवगत कराया और सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की है।
इन अधिकारियों को सौंपी गई जांच
जिला अस्पताल में हंगामे की जांच जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी रतन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार व एसीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी को सौंपी गई है।
बोले आरोपी अधिवक्ता…
आरोपी अधिवक्ता तरुण चंद्रा ने बताया कि अपना अपराध छिपाने के लिए आरोप लगाया गया है, उसमें कोई सत्यता नहीं है। वार्ड बॉय वीडियो डिलीट करने का दबाव बना रहा था, तब मैंने डॉक्टर से कहा कि आप इलाज कीजिए। इस पर सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि जब तक वीडियो डिलीट नहीं होगा, तब तक किसी मरीज का इलाज नहीं करेंगे। गालीगलौज का कोई साक्ष्य हो तो प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि डीएम से पूरी बात बताई है। जांच में सत्य सामने आ जाएगा।
वर्जन
जिला अस्पताल में हुए प्रकरण की जांच के लिए एडीएम, एएसपी व एसीएमओ की एक कमेटी बनाई गई है, जो एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
-आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, जिलाधिकारी
