शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा के मोहल्ला चौरसिया निवासी सुशीला (30 वर्ष) की कुल्हाड़ी से गर्दन और सिर पर वार कर बुधवार दोपहर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी पति अवनीश छह वर्षीय बड़े बेटे को साथ लेकर भाग गया। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं। परिजनों के मुताबिक, अवनीश नौकरी के लिए लुधियाना जाना चाहता था, जबकि पत्नी दिल्ली चलने का दबाव बना रही थी। आरोपी अपने दो बच्चों को मौके पर ही छोड़ गया। दोनों मासूम खून से लथपथ मां के पास बिलखते मिले।
यूपी:शाहजहांपुर में बच्चों के सामने पत्नी की हत्या, पति ने कुल्हाड़ी से काट डाला; पढ़ें वारदात की पूरी कहानी – Man Murdered His Wife In Front Of Their Children In Shahjahanpur
बच्चों के सामने मां का कत्ल
मामूली विवाद में दंपती के बीच हुई कलह में परिवार उजड़ गया। सुशीला की हत्या के बाद अवनीश भाग गया और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। झगड़े के बाद बच्चों के सामने ही मां का कत्ल हो गया। वहीं, अल्हागंज पुलिस ने अवनीश के साले की ओर से हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अवनीश के तीन भाई केशवपाल, जगतपाल और रामरहीश हैं। सभी अलग-अलग रहते हैं। वहीं, सुशीला के मां-बाप नहीं हैं। दंपती के छह साल का एक बेटा सोहन, चार साल की बेटी मेनका और डेढ़ वर्ष का बेटा रोहन है। परिजनों के अनुसार, जून 2019 में फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गंधिया गांव की सुशीला की शादी अल्हागंज के मोहल्ला चौरसिया निवासी अवनीश से हुई थी।
बुधवार को इस परिवार को काम के सिलसिले में शहर से बाहर निकलना था। सुशीला अपने बच्चों की सुरक्षा की खातिर दिल्ली जाना चाहती थी, क्योंकि वहां उसका मायके वाले और रिश्तेदार थे। अवनीश उसे जबरन लुधियाना ले जाने पर अड़ा था। सफर पर निकलने से ठीक पहले इसी बात को लेकर बहस छिड़ी और देखते ही देखते अवनीश हैवान बन गया।




