Shahjahanpur News:एसडीएम के निलंबन और रिपोर्ट के एक्सपंज न होने पर पुतला दहन की चेतावनी – Suspension Of Sdm And Warning Of Burning Of Effigy If Report Is Not Expunged
पुवायां। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष भारत सिंह यादव ने एसडीएम सदानंद सरोज को निलंबित करने और कानूनगो की ओर से कार्यकर्ताओं पर दर्ज रिपोर्ट को एक्सपंज करने की मांग उठाई है। ऐसा न करने पर 16 नवंबर को जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर पुतला दहन की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि गाव बद्रीपुर हदीरा में सरकारी भूमि पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। कब्जा हटवाने सहित कई मांगों को लेकर कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अवैध कब्जा न हटाकर गांव बद्रीपुर हदीरा में गलत पैमाइश कर तहसील सचिव नरवेश कुमार की बोरिंग को जेसीबी से पाट दिया गया है। कानूनगो की ओर से उनके सहित 30-40 कार्यकर्ताओं पर गलत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
डीएम को संबोधित ज्ञापन बृहस्पतिवार को कार्यालय में देकर एसडीएम के निलंबन और रिपोर्ट का एक्सपंज करने के साथ ही सही पैमाइश कर कब्जा हटवाने की मांग की। एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि बिना जांच पड़ताल किए ही भाकियू कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार का पुतला दहन कर दिया। इसी को लेकर कानूनगो ने तहरीर पुलिस को दी थी। इसी पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। भाकियू की ओर से पुतला दहन के लिए फिर दिए गए ज्ञापन की जानकारी नहीं है।
