यूपी बोर्ड :विद्यार्थियों को नाम, जाति, विषय व फोटो सही कराने का मिला मौका – Up Board: Students Get An Opportunity To Correct Their Name, Caste, Subjects, And Photograph
– हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थी 12 नवंबर तक करा सकेंगे संशोधन, शिक्षा परिषद के सचिव ने जारी किया आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में किसी तरह की त्रुटि हो गई है तो उसमें सुधार का मौका दिया गया है। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in को दो से 12 नवंबर तक रात 12 बजे तक के लिए खोला गया है।
विद्यार्थियों के विषय, वर्ग, उनके नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि, जेंडर, जाति, फोटो व कक्षा 11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक जैसी सभी त्रुटियों में सुधार परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर मंगलवार से 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक किया जा सकता है। संबंधित प्रधानाचार्यों को वेबसाइट पर लॉगइन करके निर्धारित समयावधि के भीतर इन त्रुटियों को संशोधित या अपडेट कराना अनिवार्य है।
बताया कि निर्धारित अवधि खत्म होने पर संशोधन के लिए समय नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रधानाचार्य, अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है और यदि कोई त्रुटि रहती है तो संबंधित प्रधानाचार्य इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
कुछ विशेष संशोधन केवल ऑफलाइन माध्यम से ही किए जाएंगे। इनमें छात्र-छात्राओं की जन्मतिथि में संशोधन, छात्र, माता-पिता का पूर्ण नाम संशोधन और छात्र-छात्राओं के विवरण को नियमानुसार डिलीट, रीस्टोर करने संबंधी प्रकरण शामिल हैं। ऐसे सभी प्रकरणों में प्रधानाचार्यों को समस्त आवश्यक प्रपत्रों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 31 अक्तूबर तक प्रस्तुति सुनिश्चित करनी होगी।
