शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:अजमेर में कल से शुरू होगा तीन दिवसीय ऋषि मेला, देश-विदेश से पहुंचने लगे श्रद्धालु – Ajmer Rishi Mela 2026 November 13 To 15 Acharya Devvrat Inauguration
अजमेर

राजस्थान:अजमेर में कल से शुरू होगा तीन दिवसीय ऋषि मेला, देश-विदेश से पहुंचने लगे श्रद्धालु – Ajmer Rishi Mela 2026 November 13 To 15 Acharya Devvrat Inauguration

November 12, 2026


ajmer rishi mela 2026 november 13 to 15 acharya devvrat inauguration

ऋषि उद्यान में आयोजित होगा ऋषि मेला

विस्तार

परोपकारिणी सभा के तत्त्वावधान में 13 नवंबर से तीन दिवसीय ऋषि मेले का आयोजन ऋषि उद्यान में शुरू होने जा रहा है। यह मेला 15 नवंबर तक चलेगा। परमहंस परिव्राजकाचार्य महर्षि दयानंद सरस्वती के 143वें बलिदान दिवस और गुरुकुल कांगड़ी के संस्थापक स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह आयोजन हो रहा है। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन आरंभ हो चुका है।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत उद्घाटन सत्र के खास मेहमान

ऋषि मेले की शुरुआत 13 नवंबर को सुबह 10:00 बजे ध्वजारोहण से होगी। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिरकत करेंगे। इस सत्र की अध्यक्षता सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा, दिल्ली के प्रधान सुरेंद्र कुमार आर्य करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल स्वामी श्रद्धानंद विशेषांक का विमोचन करेंगे और अभयदान ट्रस्ट विद्वत सम्मान प्रदान किया जाएगा। देश भर से पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नेपाल और आबू से भी अतिथियों का दल अजमेर पहुंच चुका है। अतिथियों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है।

ये भी पढ़ें- जयपुर से गया जाने वालों के लिए काम की खबर: छठ पर चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज

तीन दिन के विविध कार्यक्रम

ऋषि उद्यान में तीन दिन तक प्रतिदिन सुबह 5:00 से 6:30 बजे तक रामवीर शास्त्री तथा यतीन्द्र शास्त्री के सान्निध्य में योग, आसन, प्राणायाम व ध्यान का सत्र आयोजित होगा। पहले दिन मैकाले के वर्चस्व काल में गुरुकुल परंपरा के पोषक स्वामी श्रद्धानंद एवं महर्षि दयानंद के उद्देश्यों की पूर्ति पर चर्चा होगी। इस दौरान वानप्रस्थ-संन्यास दीक्षा और छात्रवृत्तियों का वितरण भी होगा। 14 नवंबर को प्रभात सत्र में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि रहेंगे। इस सत्र में सर्वस्व त्यागी स्वामी श्रद्धानंद और शुद्धि आंदोलन के कर्णधार स्वामी श्रद्धानंद विषय पर व्याख्यान होंगे। इसी दिन विश्व कीर्ति आर्य युवा कार्यकर्ता पुरस्कार दिए जाएंगे, शाम 5:00 बजे विशेष व्यायाम प्रदर्शन होगा तथा रात में स्वामी श्रद्धानंद के जीवन पर आधारित नाटिका का मंचन होगा।

समापन सत्र और विशेष आकर्षण

समापन दिवस 15 नवंबर को परोपकारिणी सभा और स्वामी श्रद्धानंद विषय पर आयोजित सत्र में राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया मुख्य अतिथि रहेंगे। दोपहर के सत्र में युवाओं के प्रेरणा स्रोत तथा समापन सत्र में वक्ता व लेखक के रूप में स्वामी श्रद्धानंद के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। मेले में वैदिक साहित्य, धार्मिक पुस्तकों और हवन सामग्री के लिए 60 स्टॉल लगाई गई हैं। ऋषि उद्यान के प्रवेशद्वार पर उपस्थिति दर्ज करने के लिए पांच रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं। है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजनोपदेशक सहदेव बेधड़क और योगेश दत्त आर्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X