शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:बूंदी में दिवाली की खुशियों के बीच नहर बनी काल, नहाने उतरे दो दोस्त तेज बहाव में बहे, एक की मौत – Diwali Turns Tragic As Youth Drowns In Canal
बूंदी

राजस्थान:बूंदी में दिवाली की खुशियों के बीच नहर बनी काल, नहाने उतरे दो दोस्त तेज बहाव में बहे, एक की मौत – Diwali Turns Tragic As Youth Drowns In Canal

November 10, 2026


दिवाली के त्योहार पर घरों में खुशियों का माहौल था, लेकिन केशवरायपाटन क्षेत्र के तीरथ गांव में हुए एक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। नहर में नहाने उतरे दो दोस्त अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। दोनों को डूबता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव के प्रयास शुरू किए। इस दौरान एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा गहरे पानी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और कोटा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना मंगलवार दोपहर केशवरायपाटन थाना क्षेत्र के तीरथ गांव के पास स्थित बड़ी नहर की है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह चारण ने बताया कि दो युवक नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को डूबता देख शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े।

एक को बचाया, दूसरा गहराई में समाया

उपनिरीक्षक दौलत सिंह खींची के अनुसार, तीरथ निवासी 35 वर्षीय लोकेश पुत्र परमानंद मीणा और उसका 25 वर्षीय साथी दिलकुश पुत्र आनंदीलाल नहर किनारे बैठे थे। कुछ देर बाद दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए लोकेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दिलकुश पानी में डूब गया।

पढे़ं: 

पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही केशवरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दिलकुश को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल कोटा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में दिवाली की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X