मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
रेगिस्तान में मिला खजाना, जमीन में दबा था आलू जैसा पत्थर, खोदते ही करोड़पति बन गया शख्स
वायरल

रेगिस्तान में मिला खजाना, जमीन में दबा था आलू जैसा पत्थर, खोदते ही करोड़पति बन गया शख्स

November 17, 2026


Viral Video : किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए, कोई नहीं जानता. ऑस्ट्रेलिया में सोने की तलाश कर रहे एक शख्स के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. वह मेटल डिटेक्टर लेकर जमीन में छिपे सोने की खोज कर रहा था, तभी उसे ऐसा बेशकीमती टुकड़ा मिला, जिसने उसकी किस्मत चमका दी. यह सोने का टुकड़ा आकार में आलू जैसा है और इसका वजन करीब 1.2 किलोग्राम बताया जा रहा है. इसकी कीमत करोड़ों रुपये के आसपास आंकी गई है.

टिबूबुरा के पास मिली अनोखी खोज

एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में टिबूबुरा के पास स्थित स्टर्ट स्टोनी डेजर्ट इलाके का है. यहां सोने की तलाश करने वाले लोग अक्सर पहुंचते हैं. हालांकि, इस बार एक शख्स की किस्मत कुछ ज्यादा ही चमक गई. उसने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

शख्स के मुताबिक, वह मेटल डिटेक्टर से जमीन की जांच कर रहा था. शुरुआत में मशीन से खास संकेत नहीं मिला, लेकिन खुदाई करते हुए करीब 100 मिलीमीटर नीचे पहुंचने पर उसकी आवाज तेज होने लगी. मिट्टी हटाई तो अंदर चमकदार पीले रंग का बड़ा टुकड़ा दिखाई दिया. यह सोना था, जिसे बाद में ‘टिबूबुरा स्पड’ नाम दिया गया. अंग्रेजी में स्पड का इस्तेमाल आलू के लिए भी किया जाता है.

1.2 किलो वजन में 940 ग्राम शुद्ध सोना

इस खोज की खास बात इसका आकार और वजन है. सोने के इस टुकड़े का कुल वजन लगभग 1.2 किलोग्राम है, जिसमें करीब 940 ग्राम शुद्ध सोना मौजूद है. टिबूबुरा में सोने की खोज से जुड़ी दुकान चलाने वाले ग्रेग स्पैंगलर ने इसकी अनुमानित कीमत बताई.

उनके अनुसार, जब यह टुकड़ा मिला था, तब इसकी कीमत करीब 1.95 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर आंकी गई थी. बाद में सोने के बाजार भाव में गिरावट के चलते इसका अनुमानित मूल्य घटकर लगभग 1.60 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर रह गया. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब एक करोड़ रुपये के आसपास बैठती है.

खोज की खबर सुनकर खुशी से झूम उठा शख्स

ग्रेग स्पैंगलर ने बताया कि सोने का इतना बड़ा टुकड़ा मिलना बेहद दुर्लभ है. खोज करने वाले व्यक्ति ने उन्हें मौके से ही फेसटाइम कॉल करके यह खुशखबरी दी थी।.उसकी खुशी देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि यह खोज उसके लिए कितनी खास थी.

ऑस्ट्रेलिया में कई लोग मेटल डिटेक्टर की मदद से जमीन में सोना तलाशने का शौक रखते हैं. हालांकि, हर किसी को इतनी बड़ी सफलता नहीं मिलती. कई बार लंबी खोज के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है. ऐसे में ‘टिबूबुरा स्पड’ की खोज सोने की तलाश करने वालों के लिए किसी बड़े सपने के सच होने जैसी है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X