भीषण गर्मी से बेहाल हुए विदेशी कपल, फिर भारतीय दुकानदार ने किया कुछ ऐसा, लोग बोले- ये है असली भारत!
Last Updated:
अहमदाबाद में एक दुकानदार ने भीषण गर्मी से परेशान विदेशी कपल को मुफ्त में कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उनका दिल जीत लिया. दुकानदार का यह छोटा-सा नेक काम सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है. वीडियो देख लोग भारतीय मेहमाननवाजी की तारीफ कर रहे हैं.
भारतीय दुकानदार ने विदेशी मेहमानों की मदद की(फोटो: Instagram-@indian_authentic)
किसी अनजान शख्स की छोटी-सी मदद भी कई बार ऐसा अनुभव दे जाती है, जिसे इंसान जिंदगीभर याद रखता है. खासकर जब कोई दूसरे देश में घूमने आया हो और वहां उसे बिना किसी पहचान के इतना अपनापन मिले, तो यह पल और भी खास बन जाता है. भारत में मेहमानों का स्वागत करने की परंपरा काफी पुरानी है. यहां आज भी ऐसे लोग मिल जाते हैं, जो किसी अनजान व्यक्ति को परेशानी में देखकर उसकी मदद के लिए आगे आ जाते हैं. इन दिनों गुजरात के अहमदाबाद से सामने आया एक वीडियो इसी खूबसूरत सोच की झलक दिखा रहा है. यहां एक स्थानीय दुकानदार ने विदेशी कपल को भीषण गर्मी में परेशान देखा, तो बिना कुछ सोचे-समझे उनके लिए ठंडी कोल्ड ड्रिंक मंगवा दी. दुकानदार की इस छोटी-सी पहल ने विदेशी मेहमानों का दिल जीत लिया. अब सोशल मीडिया पर लोग उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक विदेशी कपल अहमदाबाद के स्थानीय बाजार में पैदल घूमता नजर आता है. मौसम काफी गर्म है और तेज धूप के कारण दोनों परेशान दिखाई दे रहे हैं. वे बाजार की दुकानों को देखते हुए आगे बढ़ रहे होते हैं. इसी दौरान उनकी नजर एक कपड़े की दुकान पर पड़ती है. यहां मौजूद दुकानदार भी उन्हें देख रहा होता है. विदेशी कपल की हालत देखकर उसे अंदाजा हो जाता है कि दोनों गर्मी से परेशान हैं. इसके बाद वह उन्हें आवाज देकर अपने पास बुला लेता है. आमतौर पर किसी अनजान शहर में घूमते समय पर्यटक दुकानों और बाजारों में खरीदारी करने या रास्ता पूछने के लिए रुकते हैं. लेकिन इस कपल के साथ जो हुआ, वह किसी खरीदारी या कारोबार से जुड़ा नहीं था. दुकानदार ने सिर्फ उनकी परेशानी को समझकर मदद करने का फैसला किया.
दुकानदार ने दोस्त को भेजकर मंगवाई ठंडी कोल्ड ड्रिंक
वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार विदेशी कपल से कहता है, ‘गर्मी बहुत है…’ इसके बाद वह तुरंत अपने एक दोस्त को पास की दुकान से कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए भेज देता है. कुछ ही देर में ठंडी ड्रिंक की बोतलें आ जाती हैं. इसके बाद दुकानदार बड़े प्यार से दोनों को कोल्ड ड्रिंक देते हुए कहता है- “आप हमारे मेहमान हैं, ठंडा पीजिए.” दुकानदार की यह बात सुनकर विदेशी कपल के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. दोनों इस अनजान शख्स के व्यवहार से काफी खुश नजर आते हैं. वे कोल्ड ड्रिंक स्वीकार करते हैं और दुकानदार को धन्यवाद देते हैं. उनके लिए यह सिर्फ गर्मी में मिली ठंडी ड्रिंक नहीं थी, बल्कि एक अनजान देश में मिले अपनेपन और सम्मान का खूबसूरत अनुभव था.
View this post on Instagram
