शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
झांसी

विश्व मधुमेह दिवस :बेपटरी दिनचर्या से युवा हो रहे शुगर के शिकार – Disrupted Daily Routines Are Making Young People Fall Victim To Diabetes

November 14, 2026


झांसी। बदलती जीवनशैली और बेपटरी दिनचर्या युवाओं को कम उम्र में ही मधुमेह का मरीज बना रही है। फास्ट फूड का अधिक सेवन, देर रात भोजन, पर्याप्त नींद न लेना और खेलकूद से दूरी का असर अब सेहत पर दिखने लगा है। 20 से 40 वर्ष की उम्र के लोग भी तेजी से शुगर की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना पांच से सात नए युवा मधुमेह की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।

बच्चों में भी टाइप-1 डायबिटीज के मामले सामने आ रहे हैं। उधर, जिले में उपचाराधीन मरीजों में केवल 14 फीसदी की शुगर नियंत्रित मिलना चिंता बढ़ा रहा है। विश्व मधुमेह दिवस पर विशेषज्ञों ने जीवनशैली में बदलाव और नियमित जांच की जरूरत बताई है।

डॉ. मांडवी अग्रवाल ने बताया कि शारीरिक गतिविधियां कम होने और खानपान की अनियमित आदतों से युवाओं में मधुमेह का खतरा बढ़ रहा है। ऐसी जीवनशैली से शरीर में इंसुलिन के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सकती है। इससे रक्त में शर्करा का स्तर नियंत्रित रखना मुश्किल हो जाता है। लंबे समय तक शुगर नियंत्रित न रहने पर गुर्दे, आंखों और हृदय से जुड़ी जटिलताएं कम उम्र में भी सामने आ सकती हैं।

उन्होंने बताया कि युवाओं को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट व्यायाम करना जरूरी है। भोजन में हरी सब्जियां, दालें और साबुत अनाज अधिक शामिल करें। रोजाना करीब 30 मिनट तेज चलने से मांसपेशियां ग्लूकोज का बेहतर इस्तेमाल करती हैं। इससे इंसुलिन की कार्यक्षमता में सुधार और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।

ये हैं शुगर के लक्षण

अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार भूख लगना, रात में बार-बार पेशाब आना, पैरों में जलन और कमजोरी मधुमेह के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर जांच कराकर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

तेज चलने का सही तरीका

डॉक्टरों के मुताबिक तेज चलने की गति ऐसी होनी चाहिए कि सांस थोड़ी तेज चले और हल्का पसीना आए। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज चलने का लक्ष्य रखें। भोजन के 15 से 30 मिनट बाद 10 से 15 मिनट टहलने से भोजन के बाद बढ़ने वाले रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

बच्चों में भी बढ़ रही टाइप-1 डायबिटीज

झांसी। बाल रोग विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. ओमशंकर चौरसिया ने बताया कि 14 वर्ष तक के बच्चे भी टाइप-1 डायबिटीज की चपेट में आ रहे हैं। जागरूकता की कमी और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। टाइप-1 डायबिटीज में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली अग्न्याशय की इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। इससे शरीर में इंसुलिन का बनना बहुत कम या बंद हो जाता है और रक्त में शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। समय पर इलाज न मिलने पर आंखों, हृदय और गुर्दों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि ओपीडी में हर माह 10 से 12 नए बच्चों में शुगर की पुष्टि हो रही है।

जांच में झांसी 19वें स्थान पर, 14 फीसदी मरीजों की शुगर नियंत्रित

झांसी। स्वास्थ्य विभाग के गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) के तहत बड़े स्तर पर शुगर की जांच की जा रही है। इसके बावजूद मरीजों के रक्त में शर्करा का स्तर नियंत्रित रखना चुनौती बना हुआ है। अप्रैल से अक्तूबर तक जिले में 4,44,327 लोगों की शुगर की जांच की गई। इनमें से 13,496 मरीज उपचाराधीन हैं। चिंताजनक यह है कि उपचाराधीन मरीजों में केवल 1,891 का ही शुगर लेवल नियंत्रित मिला। यह करीब 14 फीसदी है। वहीं, शुगर जांच की रैंकिंग में झांसी प्रदेश में 19वें स्थान पर है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X