छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। यह घटना घरेलू सामान खरीदकर घर लौटते समय हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला कापू थाना क्षेत्र का है। मृतका सोमारी बाई 22 साल की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा ने 17 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब चार साल पहले सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26) से हुई थी। 15 नवंबर को सोमारी बाई और सत्यनारायण घरेलू सामान खरीदने कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय कोनपारा बस्ती के पास दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर सत्यनारायण ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। सोमारी बाई के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी ने हाथ-पैर से भी मारपीट की। उसने सोमारी बाई का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच और आरोपी का कबूलनामा
पुलिस ने दिनो बाई की शिकायत के बाद सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 15 नवंबर की सुबह वे पत्नी के साथ सामान खरीदने गए थे। लौटते समय दोनों ने रास्ते में शराब पी थी।
विवाद का कारण
आरोपी ने बताया कि नशे में उसकी पत्नी रास्ते में कई जगह गिर गई थी। उसके कपड़े गीले हो गए और वह खेत के पास बैठ गई। सत्यनारायण उसे घर चलने के लिए मनाता रहा, पर पत्नी ने मना कर दिया। पत्नी के इन्कार करने पर गुस्से में आकर उसने हाथ, मुक्के और बांस के डंडे से उसकी पिटाई की। फिर पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त कर आरोपी को धारा 103(1) बीएनएस के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा है।