गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Gta 6: पीएम मोदी ने जीटीए स्टाइल में गिनाई भारत की 13 साल की उपलब्धियां, यूपीए पर साधा निशाना, शेयर की पोस्ट – Between Gta V & Vi: Pm Celebrates India’s Development With Reference To Iconic Game
टेक्नोलॉजी

Gta 6: पीएम मोदी ने जीटीए स्टाइल में गिनाई भारत की 13 साल की उपलब्धियां, यूपीए पर साधा निशाना, शेयर की पोस्ट – Between Gta V & Vi: Pm Celebrates India’s Development With Reference To Iconic Game

November 19, 2026


दुनियाभर में GTA 6 वीडियो गेम की लॉन्चिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस लोकप्रिय वीडियो गेम का इस्तेमाल भारत की तरक्की को दिखाने के लिए किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें GTA 5 और GTA 6 के बीच के 13 वर्षों में देश में हुए बदलावों को दिखाया गया है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “भारत अब एक बिल्कुल नया गेम खेल रहा है।”

प्रधानमंत्री की इस पोस्ट में देश की अर्थव्यवस्था से लेकर गरीबी में कमी, सोलर पावर, इंटरनेट और अंतरिक्ष क्षेत्र तक की उपलब्धियों का जिक्र है। पोस्ट में कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा गया है।

GTA के अंदाज में दिखाई भारत की तरक्की

बता दें कि जीटीए के आखिरी वर्जन को साल 2013 में लॉन्च किया गया था। अब 13 साल बाद इसके छठे वर्जन (GTA 6) को लाया गया है। पीएम मोदी की पोस्ट में GTA 5 और GTA 6 की रिलीज के बीच भारत में आए बदलावों को अलग-अलग तस्वीरों के जरिए दिखाया गया है। पोस्ट में बताया गया है कि भारत पहले दुनिया की ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन अब वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है।

India is playing a whole new game! https://t.co/CMkMbK6vII— Narendra Modi (@narendramodi) November 19, 2026

दरअसल, अगस्त 2013 में मॉर्गन स्टेनली के एक विश्लेषक ने ‘फ्रेजाइल फाइव’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसमें भारत, ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये शामिल थे। इन देशों की अर्थव्यवस्थाओं को विदेशी पूंजी पर अधिक निर्भर और वैश्विक आर्थिक बदलावों के प्रति संवेदनशील माना गया था। भारत अब इस समूह का हिस्सा नहीं है।

गरीबी, सोलर पावर और इंटरनेट का भी जिक्र

प्रधानमंत्री की पोस्ट में पिछले 13 वर्षों में देश में हुए कई बड़े बदलावों को जगह दी गई है। इनमें गरीबी में कमी और स्वच्छता मिशन के पूरा होने का जिक्र शामिल है। इसके अलावा देश में सोलर पावर क्षमता में हुई बड़ी बढ़ोतरी को भी उपलब्धि के तौर पर दिखाया गया है।

पोस्ट में अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम का भी जिक्र है। इसके मुताबिक, भारत में अब 440 रजिस्टर्ड स्पेस टेक्नोलॉजी स्टार्टअप हैं। इसके साथ ही देश में बिजली पहुंचाने के काम में हुई प्रगति को भी दिखाया गया है।

गेमिंग कम्युनिटी से जुड़ने के लिए पोस्ट में इंटरनेट की कीमतों का उदाहरण भी दिया गया है। इसमें बताया गया है कि हाई-स्पीड इंटरनेट की कीमत 2013 में 308 रुपये प्रति जीबी से घटकर अब 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई है। इसके अलावा देश में नक्सलवाद के खत्म होने और भारत के बड़े रक्षा निर्यातक के रूप में उभरने को भी उपलब्धियों की सूची में शामिल किया गया है।

10 मिनट में मिले करीब 60 हजार लाइक्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर युवाओं से जुड़ने के लिए कई बार फिल्मों, खेल और पॉप कल्चर के लोकप्रिय संदर्भों का इस्तेमाल करते रहे हैं। GTA 6 की लॉन्चिंग के मौके पर आई यह पोस्ट भी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

पोस्ट शेयर होने के 10 मिनट के भीतर ही इसे करीब 60 हजार लाइक्स और लगभग 2 हजार कमेंट मिल गए। कई यूजर्स ने इस अंदाज की तारीफ की। एक यूजर ने उन्हें ‘सबसे कूल प्रधानमंत्री’ बताया, जबकि दूसरे ने लिखा कि उन्हें ऐसी पोस्ट की उम्मीद नहीं थी। कुछ यूजर्स ने पीएम मोदी को अपना पसंदीदा इन्फ्लुएंसर और ‘ओजी क्रिएटर’ भी कहा।

GTA 6 का भारत से क्या कनेक्शन है?

GTA 6 की रिलीज के साथ भारत का नाम भी गेमिंग इंडस्ट्री की इस बड़ी उपलब्धि से जुड़ रहा है। बंगलूरू में स्थित रॉकस्टार इंडिया स्टूडियो कंपनी के ग्लोबल डेवलपमेंट नेटवर्क का हिस्सा है। इस स्टूडियो को 2019 में ध्रुव इंटरएक्टिव के अधिग्रहण के बाद तैयार किया गया था। ध्रुव इंटरएक्टिव को भारत की शुरुआती गेम डेवलपमेंट कंपनियों में गिना जाता है।

बीजेपी एमपी तेजस्वी सूर्या ने एक एक्स पोस्ट में दावा करते हुए कहा है कि GTA 6 का एक बड़ा हिस्सा भारत में रॉकस्टार स्टूडिओज के 1,600 डेवलपर्स ने तैयार किया है। हालांकि, रॉकस्टार ने अभी यह साफ नहीं किया है कि GTA 6 को तैयार करने में बंगलूरू की टीम की क्या भूमिका रही है। इससे पहले रेड डेड रिडेम्पशन 2 के क्रेडिट्स में भारतीय टीम के सदस्यों के नाम शामिल थे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X