संत रविदास का संदेश किसी एक समाज के लिए नहीं, पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत :सुनीता दुग्गल – The Message Of Saint Ravidas Is Not Meant For Any One Community Alone; It Is A Source Of Inspiration For All Of Humanity: Sunita Duggal
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समाज विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की अमूल्य धरोहर होते हैं। संत रविदास महाराज ने समानता, प्रेम, भाईचारे और मानव कल्याण का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का ऐतिहासिक अभियान है।
वे शनिवार को सिरसा के सेक्टर-20 स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत कर रही थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। करीब 2402 किलोमीटर लंबी यह 16 दिवसीय यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। यात्रा देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के करीब 47 शहरों से गुजरेगी।
हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा
सुनीता दुग्गल ने बताया कि 25, 26 और 28 नवंबर को यात्रा हरियाणा में रहेगी। मुख्य यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल से गुजरेगी, जबकि प्रदेश के शेष 15 जिलों से उपयात्राएं निकालकर मुख्य यात्रा में शामिल की जाएंगी। 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से प्रदेश में प्रवेश कर अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इस दौरान उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम कुरुक्षेत्र में होगा। 26 नवंबर को यात्रा कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत और सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश जाएगी। सोनीपत के बहालगढ़ में जनसभा होगी। 28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से दोबारा हरियाणा में प्रवेश करेगी। फरीदाबाद में जनसभा के बाद पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष जसविंदर सिंह पिंकी और पूर्व मंडल अध्यक्ष लखविंदर सिंह उपस्थित रहे।
