शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सांवलिया सेठ को अनोखा चढ़ावा:कारोबारी ने भेंट किया 1.2 किलो चांदी का मॉडल, 40 किमी पैदल चलकर पहुंचे मंदिर – Rajasthan Businessman Walks 40 Km To Offer 1.2 Kg Silver Plant Replica At Sawaliya Seth Temple
चित्तौड़गढ़

सांवलिया सेठ को अनोखा चढ़ावा:कारोबारी ने भेंट किया 1.2 किलो चांदी का मॉडल, 40 किमी पैदल चलकर पहुंचे मंदिर – Rajasthan Businessman Walks 40 Km To Offer 1.2 Kg Silver Plant Replica At Sawaliya Seth Temple

November 1, 2026


Rajasthan Businessman Walks 40 km to Offer 1.2 kg Silver Plant Replica at Sawaliya Seth Temple

सांवलिया सेठ मंदिर में व्यापारी ने 200 ग्राम चांदी से निर्मित जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल अर्पित किया
– फोटो : Amar Ujala

विस्तार

चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलिया सेठ मंदिर में आस्था और समर्पण की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है। निम्बाहेड़ा के एक व्यापारी ने अपने कारोबार में मिली सफलता से खुश होकर भगवान के चरणों में करीब एक किलो 200 ग्राम चांदी से निर्मित जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल अर्पित किया है। लगभग 2.40 लाख रुपये मूल्य की यह अनोखी भेंट देखते ही देखते मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गई।

सांवलिया सेठ की कृपा से व्यापार में हुआ लाभ

निम्बाहेड़ा निवासी धर्मराज बंजारा ‘वेदांश इंटरप्राइजेज’ का संचालन करते हैं और वर्ष 2017 से जेके सीमेंट प्लांट में ठेकेदारी का काम कर रहे हैं। धर्मराज बताते हैं कि उनके पिता भी जेके सीमेंट में नौकरी करते थे, इसलिए इस संस्थान और काम से उनका परिवार दशकों से जुड़ा हुआ है। वे मानते हैं कि व्यापार में मिली इस ऊंचाई के पीछे सिर्फ व्यक्तिगत मेहनत नहीं, बल्कि सांवलिया सेठ की असीम कृपा है। बचपन से ही माता-पिता के साथ मंदिर आने वाले धर्मराज के लिए सांवलिया सेठ हमेशा से आराध्य देव रहे हैं। समय बीतने, जिम्मेदारियां बढ़ने और नया कारोबार शुरू होने के बावजूद उनकी यह निष्ठा कभी नहीं डगमगाई। आज भी जब भी किसी नए काम या बड़े व्यावसायिक फैसले की शुरुआत होती है, तो वे सबसे पहले सांवलिया जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेते हैं।

मंदिर में श्रद्धालु अक्सर सोन-चांदी और कैश चढ़ाते हैं

अक्सर श्रद्धालु मंदिरों में सोना, चांदी, नकद राशि या पारंपरिक आभूषण चढ़ाते हैं। लेकिन धर्मराज ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर अपने व्यवसाय और पहचान से जुड़ी भेंट अर्पित करने का संकल्प लिया था। काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होंने जेके सीमेंट प्लांट की विस्तृत प्रतिकृति बनवाने का फैसला किया। इस मॉडल को तैयार करने में लगभग 1 किलो 200 ग्राम शुद्ध चांदी का उपयोग हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये है।

ये भी पढ़ें-  कौन हैं बाड़मेर की रुचिका मालू?: जिन्होंने सीए बनने का सपना छोड़ा, अब आचार्य महाश्रमण से लेंगी दीक्षा; वीडियो

40 किलोमीटर की पैदल यात्रा और मंदिर में समर्पण

अपने संकल्प को पूरा करने के लिए धर्मराज बंजारा ने अपने परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के साथ निम्बाहेड़ा से मंदिर तक की पदयात्रा का आयोजन किया। पूरे रास्ते डीजे पर बजते भक्ति गीतों और सांवलिया सेठ के जयकारों के साथ श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। प्रातःकाल दर्शन के बाद पूरे परिवार की मौजूदगी में चांदी से बना सीमेंट प्लांट का मॉडल भगवान सांवलिया सेठ के चरणों में भेंट किया गया। चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलिया सेठ मंदिर देश के उन चुनिंदा धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां व्यापारी भगवान को अपने व्यवसाय में हिस्सेदार मानते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X