हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र के फटन के पुल के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने हुई, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर बाइक सवारों का टूटा हुआ हेलमेट भी मिला है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े नौ बजे मुस्करा बसवारी गांव के बीच फटन के पुल के पास यह दुर्घटना हुई। हुसैना गांव निवासी वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि उनका दूसरा भाई अवधेश (20) और चचेरा भाई विकास (30) पुत्र शिवदानी वर्मा किसी काम से बाइक पर मुस्करा गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे मुस्करा से गांव लौटते समय फटन के पुल से पहले उनकी बाइक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।