हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) दुनियाभर में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। कुछ दशकों पहले तक माना जाता था कि ब्लड प्रेशर की दिक्कत उम्र बढ़ने के साथ होती है, पर हाल के वर्षों में कम उम्र के लोगों, यहां तक कि बच्चों को भी इसका शिकार देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लाइफस्टाइल की गड़बड़ी से लेकर शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव और खानपान की दिक्कतों ने हाइपरटेंशन की दिक्कतों को काफी बढ़ा दिया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती चरणों में अक्सर कोई भी लक्षण नहीं दिखाई देते, इसलिए कई लोगों को लंबे समय तक अपनी बीमारी का पता ही नहीं चलता। ‘नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5’ (NFHS-5) के आंकड़ों के अनुसार, भारत में, हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लगभग 50% से 58% लोग ऐसे ही हैं जिनको ये पता ही नहीं है कि वह भी इस बीमारी का शिकार हैं।
ये स्थिति और भी चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है। लगातार बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर दिल-दिमाग, किडनी और आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है।
इन सभी जोखिमों और खतरों के बीच बड़ा सवाल ये है कि फिर ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं, अगर आपको बीपी की समस्या है तो इससे बचाव के लिए क्या किया जा सकता है?