हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य की मौत का मामला :एमपी नंबर के कार स्वामी की पहचान हुई – Case Involving The Death Of A District Consumer Commission Member In An Accident: Owner Of The Car With An ‘mp’ Registration Number Identified
फिरोजाबाद। आगरा-कानपुर सिक्सलेन हाईवे पर मक्खनपुर के बिल्टीगढ़ कट के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य सोनम चतुर्वेदी की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हादसे को अंजाम देकर फरार हुए मध्य प्रदेश नंबर के चालक की पुलिस तलाश कर रही है। कार के स्वामी की पहचान भूपेश कुमार अग्रवाल निवासी जहार सिंह मार्ग, स्वर्णकार धर्मशाला, मुरैना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
सीओ जयबिंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मक्खनपुर पुलिस ने हादसे के बाद मौके पर छोड़ी गई आरोपी की एमपी नंबर की कार की जब तलाशी ली, तो उसमें से नए कपड़े बरामद हुए हैं। कार चला रहा व्यक्ति या तो दिवाली की खरीदारी कर लौट रहा था अथवा किसी शादी-समारोह से वापस आ रहा था। हालांकि, हादसे के बाद से ही कार चालक मौका पाकर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बता दें कि मूल रूप से एटा निवासी और आगरा के ताजनगरी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर वैभव राघवन की पत्नी सोनम चतुर्वेदी (40) वर्ष 2022 से फिरोजाबाद जिला उपभोक्ता आयोग में नामित सदस्य के रूप में कार्यरत थीं। बुधवार सुबह वह उसायनी स्थित वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर अपनी कार से वापस लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ था। वर्तमान में उनका परिवार आगरा के ताजनगरी फेस-1, ताजगंज में रहता है।
घटनास्थल पर सीसीटीवी का अभाव, उछलने के दावे पर संशय
इंस्पेक्टर चमन शर्मा का कहना है कि हादसे की सटीक कड़ी जोड़ने में पुलिस को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है, क्योंकि दुर्घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के उस दावे पर भी पुलिस को संशय है, जिसमें कहा गया था कि ओवरटेक के दौरान साइड रगड़ने से सोनम चतुर्वेदी की कार हवा में 6 फीट तक उछली थी। पुलिस का कहना है कि क्षतिग्रस्त कार की स्थिति (ड्राइवर साइड का क्षतिग्रस्त होना) को देखकर लगता है कि गाड़ी तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर थोड़ी बहुत उछली और फिर सड़क पर पलट गई। इसी दौरान झटके से गेट खुलने पर सोनम बाहर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
