शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
14 दिन से लापता अर्णव के पिता का छलका दर्द:बोले- बेटे को आसमान निगल गया या जमीन खा गई, पढ़ें पूरी खबर – Arnav Missing For 14 Days, Remains Untraceable In Nainital
नैनीताल

14 दिन से लापता अर्णव के पिता का छलका दर्द:बोले- बेटे को आसमान निगल गया या जमीन खा गई, पढ़ें पूरी खबर – Arnav Missing For 14 Days, Remains Untraceable In Nainital

November 20, 2026


दो हफ्ते हो गए, आखिर मेरा बेटा आसमान में उड़ गया या उसे जमीन खा गई। वह कहां चला गया, उसका कुछ तो पता चले… चीना पीक की ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्णव सिंह के पिता पंकज कुमार की यह बेबसी उन सवालों को बयां कर रही है, जिनका जवाब 14 दिन बाद भी पुलिस और प्रशासन के पास नहीं है।

बेटे की तलाश में बिहार से नैनीताल पहुंचे पिता की आंखें अब इंतजार करते-करते पथरा गई हैं। हर सुबह इस उम्मीद में कोतवाली पहुंचते हैं कि शायद आज बेटे की कोई खबर मिल जाए, लेकिन शाम होते-होते फिर वही मायूसी और खाली हाथ होटल लौटना पड़ता है।

लापता अर्णव के पिता पंकज कुमार ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले को एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए था, लेकिन अब तक की कार्रवाई उन्हें महज खानापूर्ति नजर आ रही है।

उनका आरोप है कि यदि पहले ही दिन स्वान दल और ड्रोन की मदद से खोजबीन शुरू की जाती तो शायद अर्णव के बारे में कोई सुराग मिल सकता था। पर्यटन नगरी में एक पर्यटक छात्र का इस तरह लापता हो जाना बेहद गंभीर मामला है, लेकिन प्रशासन इसे उतनी गंभीरता से नहीं ले रहा है, जितनी जरूरत है।

उन्होंने बताया कि यहां दो हजार रुपये का होटल में कमरा ले रखा है। खर्चा भी हो रहा है। घर से पत्नी का जब-जब फोन आता है कि बेटा मिला? लेकिन मेरे पास कोई जवाब नहीं होता। इतनी लापरवाही से तलाश होगी, तो कहां से बेटा मिलेगा। यहां मैं और घर पर पत्नी और छोटा बेटा सब परेशान हैं। अर्णव पढ़ने में अच्छा था इसलिए उसका एडमिशन उसके कहे अनुसार करवा दिया। हमें क्या पता था ऐसा भी हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि एसएसपी से मुलाकात कर मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की थी। इसके बावजूद कोतवाली पुलिस की ओर से उन्हें बताया जा रहा है कि विशेष टीम गठित करने के संबंध में अभी आदेश नहीं पहुंचे हैं। पिता का कहना है कि जब एक परिवार का बेटा 14 दिन से लापता है तो जांच में तेजी लाने के लिए आदेशों का इंतजार क्यों किया जा रहा है।

दोस्तों से सख्ती से हो पूछताछ

पंकज कुमार ने अर्णव के साथ गए दोस्तों से पूछताछ के तरीके पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि दोस्तों से सख्ती से पूछताछ करने के बजाय उनका मेहमानों की तरह ख्याल रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार अपने बेटे को खोजने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

14 दिन की तलाश, फिर भी अंधेरे में जांच

बीते छह नवंबर को भीमताल के एक यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र अर्णव अपने तीन दोस्तों के साथ चीना पीक की ट्रेकिंग पर गया था। वापसी के दौरान वह अचानक लापता हो गया। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने जंगलों में सर्च अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, ड्रोन और स्वान दल की मदद ली गई। दोस्तों, परिजनों, कॉलेज के साथियों और सोशल मीडिया संपर्कों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। 14 दिन बाद भी अर्णव का पता नहीं चलना न सिर्फ उसके परिवार की पीड़ा बढ़ा रहा है, बल्कि पुलिस की जांच और पर्यटन नगरी में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

पहले भी हो चुके हैं चीना पीक में हादसे

चीना पीक क्षेत्र में इससे पहले भी पर्यटकों के लापता होने और घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 19 नवंबर 2025 को रुद्रपुर निवासी जयश कार्की अपने पांच दोस्तों के साथ चीना पीक घूमने गया था। वह अचानक लापता हो गया था। रातभर पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद अगले दिन वह घायल अवस्था में मिला। वहीं, दो जुलाई 2026 को राजस्थान के नागौर निवासी प्रदीप दोस्तों के साथ घूमने आया था। रास्ते में गिरकर घायल होने के बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित लेकर आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच अर्णव के 14 दिन से लापता रहने ने चीना पीक के दुर्गम रास्तों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, युवक के दोस्तों से सख्ती से पूछताछ कर ली गई है। चीना पीक क्षेत्र के चप्पे-चप्पे को छान लिया गया है। हर एंगल से जांच करने के साथ, सीसीटीवी फुटेज की नैनीताल से हल्द्वानी तक जांच की जा रही है। – डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी, नैनीताल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X