शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:स्कूल की छुट्टी के बाद गोलगप्पे खाने रुके छात्र, युवकों ने चाकू से किया हमला; एक की हालत गंभीर – Bundi_knife Attack Near School L
बूंदी

राजस्थान:स्कूल की छुट्टी के बाद गोलगप्पे खाने रुके छात्र, युवकों ने चाकू से किया हमला; एक की हालत गंभीर – Bundi_knife Attack Near School L

November 2, 2026


Bundi_Knife attack near school l

बूंदी में स्कूल के पास छात्रों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला।

विस्तार

बूंदी के सदर थाना क्षेत्र के माटूंदा गांव में सोमवार दोपहर छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना सामने आई। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटने से पहले गोलगप्पे खाने रुके दो छात्रों पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात में दोनों नाबालिग छात्र घायल हो गए।

एक छात्र के पेट में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया। वहीं दूसरे छात्र की जांघ पर चोट आई है। उसका बूंदी जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

गोलगप्पे खाने रुके थे छात्र

जानकारी के अनुसार माटूंदा सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र सोमवार दोपहर छुट्टी होने के बाद स्कूल से बाहर निकले थे। स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर कुछ छात्र गोलगप्पे खाने के लिए रुक गए। इसी दौरान वहां पहुंचे युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों छात्रों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले के बाद आरोपी मौके से निकल गए।

एक के पेट, दूसरे की जांघ पर वार

हमले में एक छात्र के पेट के बाईं तरफ चाकू लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे छात्र की जांघ पर चाकू से वार किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल छात्र को कोटा रेफर कर दिया, जबकि दूसरे का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

12वीं कक्षा में पढ़ता है घायल छात्र

अस्पताल में भर्ती 17 वर्षीय छात्र ने बताया कि वह 12वीं कक्षा में पढ़ता है। स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने साथियों के साथ गोलगप्पे खाने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। छात्र के अनुसार उसे और उसके साथी को चाकू लगे हैं। उसने किसी पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है।

ये भी पढ़ें- राजस्थान: पति की मौत के बाद छिनने वाला था आशियाना, सेना के अधिकारियों ने ऐसे बचाया पूर्व सैनिक की पत्नी का घर

पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज

सदर थाना अधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि घायल छात्र के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस विवाद को लेकर किया गया। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है…

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X