Moradabad News:राज्य कर अफसरों को लोगों ने घेरा, पुलिस ने सुरक्षित निकाला – State Tax Officials Were Surrounded By People; Police Escorted Them To Safety
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में सोमवार को जांच करने पहुंची राज्य कर अफसरों की टीम को फर्जी समझकर स्थानीय लोगों ने दौड़ा लिया। हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर राज्य कर अधिकारियों की टीम को सुरक्षित निकाला।
राज्य कर के अधिकारी पंकज पाराशर के नेतृत्व में तीन अधिकारियों की टीम सोमवार को जयंतीपुर निवासी हसनैन के घर सर्वे करने गई थी। हसनैन ऑनलाइन दीये बेचने का कार्य करते हैं। उन्होंने जीएसटी में अभी पंजीयन कराया था। राज्य कर की टीम व्यवसायी के कार्य स्थल का सर्वे करने के लिए गई थी। तीनों अधिकारियों को एक साथ देखकर आसपास के लोगों को फर्जी होने का शक हुआ। चूंकि शहर में कुछ दिनों पहले फर्जी अधिकारी पकड़े गए थे। इस कारण स्थानीय लोगों ने टीम में शामिल अधिकारियों को फर्जी समझ लिया। भीड़ मेें शामिल लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर मझोला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राज्य कर अधिकारियों से पूछताछ कर विभाग से पुष्टि की। इसके बाद स्थानीय लोगों को समझाकर विवाद शांत कराया। इस मामले में राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड -2 आरए सेठ का कहना कि उनको घटना के बारे में जानकारी नहीं है। इस बारे में पता किया जाएगा। इधर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि कुछ लोगों ने हंगामा किया था। पुलिस के पहुंचने और जीएसटी अधिकारियों की पहचान स्पष्ट होने के बाद लोग शांत हो गए।
