Ghaziabad News:दिवाली पर परिषद दे रहा सपनों का घर खरीदने का मौका – This Diwali, The Council Is Offering An Opportunity To Purchase Your Dream Home
साहिबाबाद। आवास विकास परिषद दिवाली पर अपने घर का सपना पूरा करने के लिए योजना ला रहा है। परिषद अपने मंडोला योजना में प्लॉट और सेमी फर्निश्ड मकान की योजना लॉंच कर रहा है। मंडोला के सेक्टर-5 और 23 में सेमी फिनिश्ड मकान और प्लॉट के लिए पंजीकरण शुरू कराए जाने की उम्मीद है।
मंडोला सेक्टर-5 में आवास विकास परिषद के 35 वर्ग मीटर से लेकर 162 वर्ग मीटर तक के प्लॉट हैं, जिन पर सेमी फर्निश्ड मकान बने हुए हैं। आवास विकास परिषद का यह सौदा लोगों के लिए सस्ता है जो करीब 35 लाख से लेकर 89 लाख तक में मिल सकेगा। इनमें 35 वर्ग मीटर के सेमी फर्निश्ड मकान वाले 31 मकान हैं जिनकी कीमत 35 लाख है। ऐसे ही 75 वर्ग मीटर के 15 मकान जिनकी कीमत 41 लाख, 112 वर्ग मीटर के 10 मकान जिनकी कीमत 61 लाख और 162 वर्ग मीटर के नौ मकान हैं, जिनकी कीमत करीब 89 लाख रुपये हैं। परिषद अपने इन मकानों को अगले पांच वर्ष में बनाकर आवंटियों को दिया जाएगा। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी 60 से अधिक यह मकान सेमी फर्निश्ड मकान परिषद ने बेचे थे। इसी तरह मंडोला सेक्टर-23 में प्लॉट की योजना की भी योजना के लिए पंजीकरण शुरू होंगे। यहां आवास विकास परिषद 40 वर्ग मीटर से लेकर 150 वर्ग मीटर तक के प्लॉट काट रहा है। इन प्लॉट की संख्या भी 60 से अधिक है जिनके लिए पंजीकरण कराया जाएगा। आवास विकास के संपत्ति प्रबंधक पीएस रावत ने बताया कि दोनों ही प्रकार की संपत्तियों की फाइल तैयार कर लखनऊ भेज दी गई है। इस पर मोहर लगते ही पंजीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा। उम्मीद है कि दिवाली से पंजीकरण शुरू करा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से संपत्ति की संख्या और दर कम अधिक की जा सकती है।
60 दिनों में पूरा पैसा जमा करने पर मिलेगी पांच प्रतिशत की छूट
आवास विकास परिषद की संपत्तियों को खरीदने और अगले 60 दिन में पूरा पैसा जमा करने पर परिषद आवंटियों को पांच प्रतिशत की छूट देगा। इसके साथ ही यदि कोई समूह में संपत्ति बुक करता है तो परिषद की ओर से उसे भी छूट देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
