Sonebhadra News:अब घर बैठे करा सकेंगे ओपीडी रजिस्ट्रेशन, अस्पताल में डॉक्टर की भी मिलेगी जानकारी – You Can Now Complete Opd Registration From The Comfort Of Your Home, And Also Access Information About Doctors At The Hospital
सोनभद्र। अस्पतालों में ओपीडी पंजीकरण के लिए लंबी कतारों से जल्द छुटकारा मिलेगा। मरीज घर बैठे ही ऑनलाइन ओपीडी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। साथ ही संबंधित अस्पताल में कौन-कौन से विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं, इसकी जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में सोमवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में निजी अस्पतालों के प्रबंधकों, चिकित्सकों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें डिजिटल मिशन के तहत पंजीकरण और स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। बताया गया कि यह व्यवस्था सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में लागू होगी। सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्र ने योजना की खूबियों और बारीकियों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी अस्पतालों को अपने स्वास्थ्यकर्मियों का संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। अस्पताल में कौन-कौन से डॉक्टर कार्यरत हैं, उनका विवरण भी पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी पंजीयन डॉ. गुलाबशंकर ने बताया कि इस व्यवस्था से घर बैठे ओपीडी पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मरीजों की जांच, ऑपरेशन और उपचार से जुड़ा रिकॉर्ड भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। इससे मरीजों के साथ चिकित्सकों को भी इलाज में सहूलियत होगी। नोडल अधिकारी आयुष्मान एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि मरीज अस्पताल में ओपीडी का पंजीकरण कराते समय यह देख सकेंगे कि वहां किस विधा के कौन से डॉक्टर उपलब्ध हैं। इससे डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी और मरीज अपनी जरूरत के अनुसार अस्पताल का चयन कर सकेंगे। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. शैलेंद्र शील, जिला ग्रीवांस मैनेजर रजत मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
