मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित बलिराजगढ़ में ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद उपजा तनाव और बढ़ गया। मृतक के परिजनों से मिलने और सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार के साथ आक्रोशित लोगों ने दुर्व्यवहार किया। इस दौरान एक महिला ने डीएम आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया।
उसके हाथ में चप्पल भी थी। मृतक के घर पर बातचीत के दौरान हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा गार्डों ने दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले से भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शुरुआत में डीएम ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण माहौल में बातचीत की। उन्होंने आरोपित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएम और एसपी मृतक अशोक यादव के घर पहुंचे। वहां वे मृतक की पत्नी अश्मिता देवी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। महिला के हाथ में चप्पल भी थी।
सुरक्षा गार्डों ने डीएम और एसपी को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना के बाद डीएम और एसपी के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एसडीएम चंदन कुमार झा अन्य अधिकारियों के साथ दोबारा बलिराजगढ़ पहुंचे।
ये भी पढ़ें- बिहार: ‘पत्नी के चुनाव में खर्च किए 19 करोड़, कांग्रेस ने दिए थे सिर्फ 8 लाख रुपये’, अनंत सिंह का दावा
500 से अधिक पुलिस जवान तैनात, आठ एसडीपीओ पहुंचे
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया। जाम स्थल पर बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। मधुबनी जिले के सभी सात एसडीपीओ के अलावा दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर मौजूद हैं।