शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रायबरेली

Raebareli News:सभासदों का हंगामा, नए कार्यों को मिली हरी झंडी – Uproar By Council Members; New Projects Get The Green Light

November 3, 2026


रायबरेली। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक मंगलवार शाम तीन बजे कार्यालय के सभागार में पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर और अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह की मौजूदगी में हुई। बैठक में सभासदों ने विभिन्न मांगों को लेकर हंगामा किया। इसके बाद कई विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। शहर के विकास कार्य प्राथमिकता से कराने पर जोर दिया गया।

सभासद परमजीत सिंह गांधी ने निर्माण कार्यों में ठेकेदारों को किए गए भुगतान की जानकारी मांगी। जानकारी नहीं मिलने पर अन्य सभासदों ने भी हंगामा शुरू कर दिया। इस पर ईओ ने सभी को भुगतान का ब्योरा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। कई सभासदों ने मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई। इस पर प्रत्येक सभासद को पांच के बजाय 15-15 स्ट्रीट लाइटें देने की बात कही गई। सभासद सूफियान ने भी लाइटें लगाने में उपेक्षा का आरोप लगाया। नामित सभासद अजय सिंह ने नजरवा ताल का नाम राम मनोहर लोहिया किए जाने का विरोध किया।

नामित सभासद राजेश अग्रवाल ने त्योहारों पर सुपर मार्केट स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में दुकानें लगवाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे दुकानदारों को सुविधा मिलेगी और सुपर मार्केट में जाम नहीं लगेगा। इस पर सहमति बनी। बैठक में सभासद हसीना और जय प्रकाश वर्मा के बीच विकास कार्यों पर चर्चा के दौरान कहासुनी भी हुई।

बैठक में चक अहमदपुर में नवीन बाल विकास कार्यालय के निर्माण के लिए जमीन देने का प्रस्ताव पास हुआ। बस स्टेशन, जेल रोड, आनंद नगर और अभयदाता मंदिर रोड पर नए पोल लगाकर स्ट्रीट लाइटें लगाने पर सहमति बनी। कंप्यूटर ऑपरेटरों का पारिश्रमिक बढ़ाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। पालिकाध्यक्ष ने सभासदों से विकास कार्यों में सहयोग मांगा। ईओ ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में 34 सभासदों समेत कर निर्धारण अधिकारी ललितेश कुमार सक्सेना व अन्य मौजूद रहे।

डॉ. रजत पांडेय के नाम पर होगा पार्क और सड़क

बोर्ड बैठक में इंदिरा नगर स्थित पार्क और इंदिरा नगर को नेहरू नगर से जोड़ने वाली सड़क का नाम युवा गैस्ट्रो सर्जन डॉ. रजत पांडेय के नाम पर रखने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। ईओ ने बताया कि सड़क हादसे में डॉ. रजत की मौत हो गई थी। चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X