जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ रूपाली सक्सेना की अदालत ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के बेदौली गांव में जितेंद्र कुमार सिंह की हत्या करने एवं विकास व बृजेश सिंह पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोर्ट ने कृपा शंकर सिंह, उनकी पत्नी पुष्पा देवी एवं पुत्र नितेश सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं प्रत्येक दोषी पर 30-30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अर्थदंड की आधी धनराशि वादिनी को देने का आदेश दिया है।
घटना की प्राथमिकी मृतक जितेंद्र की पत्नी बेबी सिंह ने महाराजगंज थाने में दर्ज कराई थी। वादी के अनुसार वादिनी के पति जितेंद्र कुमार सिंह 11 अक्तूबर 2021 को सुबह 7 बजे घर के बाहर सबमर्सिबल पंप के पास झाड़ू लगा रहे थे कि अचानक पड़ोसी नितेश सिंह, कृपा शंकर सिंह, पुष्पा देवी वहां आई। फावड़ा, लाठी व टंगारी से जितेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई। आवाज सुनकर जितेंद्र के छोटे भाई विकास व बृजेश मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने विवेचना के बाद कोर्ट में केस डायरी पेश की। कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को दोषी पाते हुए सजा सुनाई।