Charkhi Dadri News:एपीके फाइलों पर क्लिक करते ही महिला लेक्चरर के खाते से कटे 5.88 लाख रुपये – Rs 5.88 Lakh Deducted From Female Lecturer’s Account After She Clicked On Apk Files
चरखी दादरी। साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर एक महिला लेक्चरर के बैंक खाते से 5.88 लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने महिला के मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से एपीके फाइल भेजी थीं।
महिला ने अनजाने में दोनों फाइलों पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम निकाल ली गई। खाते से पैसे कटने के मैसेज मिलने पर महिला को ठगी का पता चला। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना दादरी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एमसी कॉलोनी वार्ड-20 निवासी उर्मिला देवी ने बताया कि वह गांव मौड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गणित की लेक्चरर के पद पर कार्यरत है। उनका पंजाब नेशनल बैंक में वेतन खाता है। 17 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से एक एपीके फाइल आई थी।
उन्होंने अनजाने में उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद 19 अक्तूबर को दूसरे अनजान नंबर से भी एपीके फाइल आई जिस पर भी उन्होंने क्लिक कर दिया। महिला के अनुसार 25 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे उन्होंने अपना मोबाइल चेक किया तो खाते से रुपये कटने के कई मैसेज मिले।
बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि अलग-अलग 21 ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 5.88 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। इसमें कई छोटी और बड़ी रकम की ट्रांजेक्शन शामिल हैं। ठगों ने एक बार में करीब एक लाख रुपये तक की रकम भी निकाली।
पीड़िता ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाई। उन्हें शिकायत संख्या भी दी गई। इसके बाद 26 अक्तूबर को उन्होंने साइबर क्राइम थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने प्राप्त ई-जीरो एफआईआर और शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से संबंधित जानकारी जुटाकर जांच कर रही है। जिनके माध्यम से यह साइबर ठगी की गई।
