Sonipat News:पांच साल चला एनडीपीएस का मुकदमा, दोष स्वीकारने पर दो को जेल में बिताई अवधि की सजा – The Ndps Case Dragged On For Five Years; Upon Pleading Guilty, Two Individuals Were Sentenced To The Time They Had Already Spent In Jail
सोनीपत। पांच साल तक चले एनडीपीएस के एक मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. नरेंद्र कौर ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए जेल में बिताई अवधि की सजा सुनाई है। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना अदा करने के बाद अदालत ने उन्हें रिहा करने के आदेश दिए।
मामला 11 जुलाई 2021 का है। राई थाना पुलिस ने यश उर्फ विशाल शुक्ला और सूरज बाबू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। अभियोजन के अनुसार पुलिस ने यश को 2 किलो 475 ग्राम चूरापोस्त के साथ पकड़ा था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 15 गवाहों के बयान दर्ज करवाए। सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अधिवक्ता की मौजूदगी में स्वेच्छा से अपराध स्वीकार कर लिया। अदालत ने उनकी इच्छा और बयान की स्वेच्छा सुनिश्चित करने के बाद उन्हें दोषी करार दिया।
परिवार की जिम्मेदारी और सुधार का दिया हवाला
सजा पर बहस के दौरान आरोपियों ने अदालत को बताया कि वह पहले किसी आपराधिक मामले में दोषी नहीं रहे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और पत्नी व बच्चे उन पर निर्भर हैं। उन्होंने करीब पांच साल तक मुकदमे का सामना करने और जेल में बिताई अवधि का हवाला देते हुए सुधार का एक मौका मांगा। अदालत ने बरामदगी की मात्रा को मध्यवर्ती श्रेणी में रखते हुए आरोपियों की परिस्थितियों, स्वच्छ आपराधिक रिकॉर्ड और सुधार की संभावना पर विचार किया। सुप्रीम कोर्ट के सुधारात्मक न्याय संबंधी सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए दोनों को पहले से जेल में बिताई अवधि की सजा सुनाई।
