Yamuna Nagar News:सोलर पैनल व सामान बेचने के नाम पर 69.67 लाख रुपये की धोखाधड़ी – Fraud Of Rs 69.67 Lakh Under The Pretext Of Selling Solar Panels And Equipment
यमुनानगर। सोलर पैनल और अन्य सामान खरीदने का सौदा एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। महाराष्ट्र की एक कंपनी से जुड़े लोगों ने सोलर पैनल और अन्य सामान उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाकर उससे करीब 69.67 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। आरोप है कि पूरी रकम मिलने के बावजूद न तो सामान की डिलीवरी की गई और न ही रुपये लौटाए। पीड़ित ने रकम मांगी तो धमकियां दी गईं। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कमलजीत गोयल से शिकायत की।
सावनपुरी निवासी सोहन लाल गोयल की शिकायत की जांच के बाद सेक्टर-17 हुडा जगाधरी थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को दी शिकायत में सोहन लाल गोयल ने बताया कि उनकी मुलाकात महाराष्ट्र की एक कंपनी सनरूफ एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटिड मलाड़, मुंबई से जुड़े महेश कुमार, रम्या, आयुष शुक्ला, विकास, हर्षिता सिंह और विनीता से हुई थी।
आरोप है कि इन सभी ने आपसी मिलीभगत कर उन्हें सोलर पैनल और अन्य सामान बेचने का प्रस्ताव दिया।
आरोपियों ने सौदे के संबंध में भरोसा दिलाया कि रुपये मिलने के बाद तय सामान उपलब्ध करवा दिया जाएगा। उनकी बातों पर विश्वास करके शिकायतकर्ता ने लेनदेन शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी वर्ष 30 जून से दो सितंबर के बीच उन्होंने अलग-अलग लेनदेन से आरोपियों के बैंक खाते में कुल 69 लाख 67 हजार 673 रुपये ट्रांसफर किए।
रकम देने के बाद भी उन्हें निर्धारित समय पर सोलर पैनल और अन्य सामान नहीं मिला। शुरुआत में वह आरोपियों से सामान की डिलीवरी को लेकर संपर्क करते रहे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ।
