शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:किसी को 12 तो किसी को 20 किमी दूर जाकर देनी होगी परीक्षा – Some Will Have To Travel 12 Km, Others 20 Km, To Take Their Exam

November 4, 2026


अमरोहा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए 12 से 20 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ सकती है। प्रस्तावित केंद्रों की सूची पर मिली 90 आपत्तियों में 60 केंद्र की दूरी और आवंटन को लेकर हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही अंतिम केंद्र सूची स्पष्ट होगी।

जिले में परीक्षा के लिए 63 केंद्र प्रस्तावित हैं। इनमें छह राजकीय, 26 सहायता प्राप्त और 31 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। 49 केंद्रों पर 2026 या उससे पहले परीक्षा हो चुकी है, जबकि 14 नए विद्यालय पहली बार केंद्र बनाने के लिए प्रस्तावित हैं। 28 अक्तूबर तक 90 आपत्तियां और प्रत्यावेदन मिले। इनमें 60 केंद्र की दूरी और विद्यार्थियों की संख्या के सापेक्ष अधिक आवंटन, 25 परीक्षा केंद्र बनाए जाने और पांच केंद्र नहीं बनाए जाने से संबंधित हैं।

इसके अलावा 26 विद्यालयों ने केंद्र बनाने के लिए आवेदन किया है। इनके भवन, संसाधन, व्यवस्थाओं और परीक्षा कराने की क्षमता की जांच होगी। पहले से प्रस्तावित 63 केंद्रों की भी तहसील स्तरीय समिति और एलआईयू से जांच कराई जाएगी। जांच में विद्यार्थियों की सुविधा और विद्यालय की वास्तविक स्थिति देखी जाएगी। रिपोर्ट चार नवंबर की समीक्षा में प्रस्तुत होगी। इसके आधार पर आपत्तियों का निस्तारण कर केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

———————

प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर मिली आपत्तियों का निस्तारण कराया जा रहा है। जिन विद्यालयों के विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्र अधिक दूरी पर आवंटित हो गए हैं, उन्हें नजदीक कराने का प्रयास किया जाएगा। नए परीक्षा केंद्र बनाने के लिए भी कुछ विद्यालयों के आवेदन मिले हैं। उनकी भी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

– शतानंद शर्मा, डीआईओएस अमरोहा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X