Global Warming: गर्म हो रही है दुनिया, पर कुछ शहरों में पड़ रही है कड़ाके की ठंड? कैसे पलटा ग्लोबल वॉर्मिंग का पैटर्न!
ग्लोबल वार्मिंग के कारण धरती और समुद्र के पानी का औसत तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसकी वजह से दुनियाभर में भयानक तूफान, चक्रवात, बाढ़- सूखा जैसे हालात बन रहे हैं और लोगों को इससे शारीरिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है. लेकिन दुनिया के सभी हिस्सों में तापमान एक जैसी गति से या लगातार नहीं बढ़ रहा है. जहां एक तरफ तापमान बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ कुछ शहरों और इलाकों का तापमान लगातार कम हो रहा है. औसत तापमान बढ़ने के बावजूद कुछ जगहों पर कड़ाके की ठंड भी पड़ती है. पिछली 100 सालों में तापमान बढ़ने की रफ्तार तेज हुई है. इसके पीछे प्राकृतिक मौसमी घटना अल नीनो (El Niño) की भी कुछ भूमिका है.
मई 2026 में Communications Earth & Environment जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में साल 2002 से 2021 के बीच दुनिया के करीब 1,400 शहरों के सैटेलाइट से मिले आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इसमें पाया गया कि जहां दुनिया के ज्यादातर शहरों में तापमान बढ़ा, वहीं कुछ शहरों में दिन के समय जमीन की सतह के तापमान में महत्वपूर्ण गिरावट भी दर्ज की गई. अध्ययन के अनुसार 86 फीसदी शहरों में दिन के समय तापमान बढ़ा, जबकि रात के समय 96 फीसदी शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. केवल 3.9 फीसदी शहरों में दिन के समय तापमान में ऐसी गिरावट देखी गई, जिसे सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण माना गया. रात के समय तापमान में इस तरह की गिरावट लगभग न के बराबर थी.
जनवरी 2026 में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अजीब रूप देखने को मिला. (Image- REUTERS)
कहीं कड़ाके की ठंड तो कहीं रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
जनवरी 2026 में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अजीब रूप देखने को मिला. एक तरफ दुनिया का औसत तापमान सामान्य से ज्यादा था, तो दूसरी तरफ उत्तरी गोलार्ध के कई देशों में जमा देने वाली ठंड पड़ रही थी. इस महीने दुनिया का औसत तापमान 12.95 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1991 से 2020 के औसत से 0.51 डिग्री ज्यादा था.
फिनलैंड के लप्पीनरांटा शहर में तापमान -31.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि साइबेरिया में पारा -40 डिग्री के आसपास रहा. अमेरिका के न्यूयॉर्क में 25 जनवरी को करीब 29 सेंटीमीटर बर्फ गिरी. यह पिछले करीब चार साल में एक बार में हुई सबसे ज्यादा बर्फबारी थी. वहीं, जापान के आओमोरी शहर में 3 फरवरी को बर्फ की मोटाई 1.7 मीटर तक पहुंच गई, जो 40 साल का रिकॉर्ड था. दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के रेनमार्क में 26 जनवरी को तापमान 49.6 डिग्री पहुंच गया. यह वहां अब तक का सबसे गर्म दिन था. यानी एक ही समय में दुनिया के कुछ हिस्से ठंड से जम रहे थे, तो कुछ जगहों पर लोग भीषण गर्मी झेल रहे थे.
तापमान कम रखने में पेड़-पौधों की भी भूमिका होती है. (Image- REUTERS)
भारत में भी कम बढ़ा तापमान
इस रिसर्च में भारत के कुछ शहरों में भी दिन के समय तापमान में कम बढ़ोतरी या गिरावट देखने को मिली. भारत के अलावा ईरान, अफगानिस्तान और चीन के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी ऐसा हुआ. वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसकी एक वजह हवा में मौजूद एयरोसोल हो सकते हैं. एयरोसोल हवा में तैरने वाले बहुत छोटे कण होते हैं. ये धूल, ज्वालामुखी से निकलने वाले कणों के अलावा गाड़ियों के धुएं, फैक्ट्रियों और कचरा या दूसरे जैविक पदार्थ जलाने से भी हवा में पहुंचते हैं. इनमें से कुछ कण सूरज की रोशनी को जमीन तक पहुंचने से रोक सकते हैं. इससे दिन में जमीन कम गर्म होती है और तापमान बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि प्रदूषण से कोई फायदा हो रहा है. एयरोसोल के कई कण, खासकर PM2.5 जैसे बारीक कण, सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं. ये सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ाने के साथ मौसम और बारिश के पैटर्न को भी प्रभावित कर सकते हैं.
जहां दुनिया के ज्यादातर शहरों में तापमान बढ़ा, वहीं कुछ शहरों में दिन के समय जमीन की सतह के तापमान में महत्वपूर्ण गिरावट भी दर्ज की गई. (Image- REUTERS)
तापमान कम रखने में पेड़-पौधों की भी भूमिका होती है. पेड़ छाया देते हैं और अपनी पत्तियों के जरिए हवा में पानी की भाप छोड़ते हैं. इस प्रक्रिया को वाष्पोत्सर्जन कहते हैं. इसमें आसपास की गर्मी का इस्तेमाल होता है, जिससे पेड़ों के आसपास की हवा और जमीन ठंडी रहती है. इसलिए किसी इलाके में पेड़-पौधे बढ़ने से वहां दिन की गर्मी कुछ कम हो सकती है. इसके अलावा अल नीनो और ला नीना जैसी प्राकृतिक मौसमी घटनाएं भी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी, ठंड और बारिश का मिजाज बदल देती हैं.
कुछ शहर ठंडे मतलब ग्लोबल वार्मिंग खत्म?
यह समझना जरूरी है कि दुनिया के कुछ शहरों में तापमान कम होने या कम बढ़ने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि ग्लोबल वार्मिंग रुक गई है. पूरी पृथ्वी का औसत तापमान अब भी बढ़ रहा है. फर्क सिर्फ इतना है कि इसका असर हर जगह एक जैसा नहीं दिखता. कहीं गर्मी तेजी से बढ़ रही है, तो कहीं कुछ कारणों से दिन का तापमान कम बढ़ रहा है. लेकिन कुल मिलाकर धरती गर्म हो रही है.
