राजस्थान:धौलपुर में पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी, पांच नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए होगा मतदान – Candidates For The Posts Of Panch And Sarpanch Have Filed Their Nominations
राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत बुधवार को पंच और सरपंच पदों के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों की ओर से प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की गई। प्रत्याशियों को दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर दिया गया। इसके बाद चुनाव मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि तीसरे चरण के तहत 5 नवंबर को धौलपुर, बाड़ी और सैपऊ पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। बुधवार सुबह 11 बजे तक प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ ही चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
पढ़ें: अरुणाचल में लापता अग्निवीर का 80 दिन बाद मिला पार्थिव शरीर, रक्षाबंधन पर घर आने का किया था वादा
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें चुनाव प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखेंगी।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर मेडिकल टीमों की व्यवस्था की गई है। वहीं, वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए ट्राई साइकिल भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मतदान के लिए मतदाताओं को वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
मतदान के बाद मतदान केंद्र पर ही होगी मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी ने बताया कि 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही पंच और सरपंच पदों के मतों की गणना की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
