Sant Kabir Nagar News:क्विज प्रतियोगिता के 20 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित – 20 Meritorious Students Of Quiz Competition Honored
सेमरियावां। बरगदवा कला स्थित एक निजी विद्यालय में महात्मा गांधी जयंती एवं पॉक्सो एक्ट-2012 जागरूकता क्विज प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 159 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें कक्षा छह से आठ तक के 76 और कक्षा नौ से 12 तक के 83 विद्यार्थी शामिल रहे। प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्रा अंशिका यादव ने 50 में से 49 अंक प्राप्त कर ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की छात्रा उम्में अतिया ने 42 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य रिजवान ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की ज्ञान क्षमता का मूल्यांकन करने के साथ ही उन्हें महात्मा गांधी के आदर्शों, नैतिक मूल्यों और पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार सर्वोपरि हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने प्रतियोगिता में स्थान नहीं बना पाने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि असफलता निराश होने का नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा लेने का अवसर है।
समारोह के अंत में सभी चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताया।
