शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सिंधिया राजघराने का विवाद:41 हजार करोड़ की संपत्ति का मामला फिर उलझा, प्रतिमा राणा के नहीं आने से टली सुनवाई – Hearing On Scindia Family’s Property Dispute Worth 41,000 Crore Was Postponed Due To Absence Of Pratima Rana
ग्वालियर

सिंधिया राजघराने का विवाद:41 हजार करोड़ की संपत्ति का मामला फिर उलझा, प्रतिमा राणा के नहीं आने से टली सुनवाई – Hearing On Scindia Family’s Property Dispute Worth 41,000 Crore Was Postponed Due To Absence Of Pratima Rana

November 4, 2026


ग्वालियर।ग्वालियर के ऐतिहासिक सिंधिया राजघराने की करीब 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति का पारिवारिक विवाद एक बार फिर कानूनी पेचीदगियों में उलझ गया है। जिस समझौता प्रस्ताव यानी राजीनामे के आधार पर इस हाईप्रोफाइल मामले के निपटारे की उम्मीद जताई जा रही थी, अब उसी समझौते को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की रिश्तेदार प्रतिमा राणा ने समझौते में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए अदालत में आपत्ति दर्ज कराई है।

दरअसल 4 नवंबर को अतिरिक्त सत्र न्यायालय (ADJ) में इस मामले की अहम सुनवाई होनी थी। सुनवाई के दौरान प्रतिमा राणा के बयान दर्ज किए जाने थे और उन्हें अपने पक्ष में सबूत पेश करने का अवसर मिलना था, लेकिन प्रतिमा राणा कोर्ट में उपस्थित नहीं हुईं। इसके चलते एक बार फिर सुनवाई टल गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख का इंतजार है।प्रतिमा राणा का आरोप है कि उनसे धोखाधड़ी करके समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अपनी तीनों मौसियों वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे पर कथित तौर पर धोखे से दस्तखत कराने का आरोप लगाया है। अदालत ने उनकी आपत्ति स्वीकार करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने और सबूत पेश करने का मौका दिया है।

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश, विधानसभा अध्यक्ष दो महीने में लें फैसला

वहीं, दूसरी तरफ वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने अदालत में जवाब दाखिल कर इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि समझौते पर सभी की सहमति से हस्ताक्षर किए गए थे। उनके पक्ष की ओर से यह भी दलील दी गई कि हस्ताक्षर के बाद परिवार के सदस्य साथ रुके, पारिवारिक डिनर हुआ और तस्वीरें भी खिंचवाई गई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पक्ष ने भी समझौते को पूरी सहमति से हुआ बताया है।

दरअसल, वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने पैतृक संपत्ति में अपना हिस्सा मांगते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ सिविल मुकदमा दायर किया था। इस मामले में दिवंगत पद्मावती राजे की बेटियों कनिका देवी और प्रतिमा देवी को भी पक्षकार बनाया गया था। हालांकि, अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण उन्हें एकपक्षीय यानी एक्स पार्टी घोषित कर दिया गया था।अब प्रतिमा राणा ने अदालत में आवेदन देकर दोबारा मुकदमे की प्रक्रिया में शामिल होने की मांग की है। उनका तर्क है कि उनकी मां पद्मावती राजे भी पैतृक संपत्ति में बराबर की हिस्सेदार थीं। ऐसे में उनकी बेटियों की सहमति और अधिकारों को नजरअंदाज कर किया गया समझौता कानूनी सवाल खड़े करता है।

इस पूरे विवाद में 78 साल पुराना ऐतिहासिक विलय पत्र ‘द कोवेनेंट’ भी महत्वपूर्ण दस्तावेज बनकर सामने आया है। इसकी दिल्ली के नोटरी से प्रमाणित प्रति अदालत में पेश की जा चुकी है। इस दस्तावेज में मध्य भारत की रियासतों के विलय, निजी संपत्तियों और पूर्व राजाओं को मिलने वाले प्रिवी पर्स यानी वार्षिक भत्ते से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं।फिलहाल प्रतिमा राणा की आपत्ति और उनके आरोपों ने 41 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद को नया मोड़ दे दिया है। अब अदालत में उनके बयान, पेश किए जाने वाले सबूत और ऐतिहासिक दस्तावेज इस मामले की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

सिंधिया राजघराने की 41 हजार करोड़ की संपत्ति का विवाद फिर उलझा

कोर्ट में नहीं हो सकी सुनवाई

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X