Charkhi Dadri News:अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जावा के कार्तिक यादव ने जीता रजत पदक – Kartik Yadav From Jawa Wins Silver Medal At International Karate Championship
चरखी दादरी। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जिले के गांव जावा के खिलाड़ी कार्तिक यादव ने रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। कार्तिक की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और खिलाड़ी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वर्ल्ड स्पोर्ट्स मीट फेडरेशन की ओर से 31 अक्तूबर से 2 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कार्तिक यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। गांव जावा निवासी राजबीर यादव के पुत्र कार्तिक ने अंडर-14 आयु वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
सरपंच प्रतिनिधि अजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत बच्चों का उचित मार्गदर्शन करने और उन्हें खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की है। उन्होंने कहा कि कार्तिक यादव कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं जो पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धियों से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर अजीत यादव, सुरेश नंबरदार, परमवीर यादव, ललित यादव, जयभगवान, जितेंद्र यादव, निक्कू यादव, राज, विनोद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
