शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:युवती को जबरन ले जाने के आरोपी युवक के ताऊ की कुल्हाड़ी-फावड़े से गर्दन काटकर हत्या – Man Accused Of Abducting A Young Woman Has His Throat Hacked Through With An Axe And A Spade By The Woman’s Family Members (or Associates)

November 5, 2026


गुलड़िया/अलापुर (बदायूं)। मूसाझाग क्षेत्र के गांव गुरगांव से एक साल पहले युवती को जबरन साथ ले जाने के आरोपी अमन के ताऊ अवधेश (45) की गर्दन पर फावड़े-कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार शाम हुई इस वारदाता के बाद आरोपी युवती का पिता मुनेंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसके तीन बेटों और भाई के खिलाफ भी रिपोर्ट लिखाई गई है। नोएडा से बुधवार रात मिली युवती ने पुलिस को युवक अमन के पक्ष में बयान दिए थे।

अवधेश के भतीजे मुकेश ने बताया कि उसके चाचा 15 साल पहले चंडीगढ़ जाकर वहीं नौकरी करने लगे थे। उनका परिवार भी वहीं रहने लगा है। अवधेश का गुरगांव आना-जाना लगा रहता था। वह 20 दिन से गांव में अपने पिता गंगाराम के साथ रह रहे थे। मुकेश ने बताया कि उनका तहेरा भाई अमन एक साल पहले गांव के ही मुनेंद्र की पुत्री को अपने कहीं लेकर चला गया। इस मामले में अमन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज है, इस कांड के बाद से अमन और मुनेंद्र के परिवारों में रंजिश चली आ रही थी।

मुकेश के मुताबिक अमन के पिता दिल्ली में रहकर सब्जी का ठेला लगाते हैं। इसलिए ताऊ अवधेश को ही निशाना बना लिया गया। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे अवधेश अपने घर के पास मंदिर में झाडू लगाने के बाद घर लौटकर आए थे। कुछ ही देर बाद मुनेंद्र अपने घर के ठीक सामने अवधेश के घर में तीन बेटों राजन, अर्जुन, अंजु और भाई आर्येंद्र के साथ कुल्हाड़ी और फावड़ा लेकर घर में घुस गया। उन्होंने अवधेश की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

इसके बाद भागकर मुनेंद्र अपने घर की छत पर छिप गया। वहीं अन्य आरोपी और मुनेंद्र के परिवार की महिलाएं भाग गए। पुलिस को मुनेंद्र की मां के साथ एक-दो लोग ही मिले। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से पुलिस अमन और युवती दोनों की तलाश कर रही थी। बीते बुधवार की रात नोएडा से युवती को ढूंढ लिया गया। बृहस्पतिवार को युवती के थाने में बयान दर्ज किए गए। इसके बाद पिता मुनेंद्र को यकीन हो गया कि उसकी बेटी अमन के साथ ही रहना चाहती है। इसी के कुछ घंटों बाद बदला लेने के लिए हत्या कर दी गई।

——————–

वर्जन

युवती को जबरन साथ ले जाने से दोनों परिवारों में विवाद रहने की बात सामने आई है। दोनों पक्ष बहेलिया (अनुसूचित जाति) के हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी मुनेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अवधेश के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। -अंकिता शर्मा, एसएसपी बदायूं

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X