Sonipat News:एक माह में 375 वाहन इम्पाउंड, 14 किए स्क्रैप – 375 Vehicles Impounded In One Month, 14 Sent For Scrapping
सोनीपत। जिले में परिवहन नियमों और प्रदूषण नियंत्रण मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने अक्तूबर माह में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 375 वाहनों को इम्पाउंड किया। इस दौरान 14 वाहनों को स्क्रैप भी किया गया। वहीं, पुराने वाहनों के मालिकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए 31 कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण सुभाष चंद्र ने बताया कि एक से 31 अक्तूबर तक की कार्रवाई के दौरान बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 श्रेणी के वाहन मालिकों को 1094 नोटिस जारी किए गए। वहीं, बीएस-4 श्रेणी के वाहन मालिकों को 4320 परामर्श सूचनाएं भेजी गईं। परिवर्तन योजना और पोर्टल की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि अक्तूबर में जिले के चार ईंधन स्टेशनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नौ वाहन बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के मिले। वाहन मालिकों से दस्तावेज और पीयूसीसी की वैधता सुनिश्चित करने के साथ परिवहन एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की गई।
