Kangra News:केंद्रीय विश्वविद्यालय में मनाया हरित दिवाली कार्यक्रम – ‘green Diwali’ Event Celebrated At The Central University
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में चार और पांच नवंबर को हरित दिवाली-स्वच्छ दिवाली कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार को पर्यावरण अनुकूल व प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विश्वविद्यालय के एसडीजी सेल, एचपीकेवी बिजनेस स्कूल, सस्टेनेबिलिटी क्लब और सांस्कृतिक क्लब के सहयोग से यह आयोजन हुआ। कुलपति ने कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय समुदाय ने प्रदूषण कम करने, मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय शिल्पकारों को बढ़ावा देने का संस्थागत संकल्प लिया। इस अवसर पर पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। इसके अतिरिक्त ट्रेजर हंट, ऐड-मैड, रंगोली और गायन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें एमबीए विद्यार्थियों की ट्रेजर हंट स्पर्धा में टीम जैक स्पैरो पहले स्थान पर रही। ब्यूरो
